Muzaffarpur News: वर्ग कक्ष के अभाव में बच्चों की पढ़ाई में बाधा
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के उत्क्रमित प्लस-टू स्कूलों में कक्षाओं की कमी से बच्चों की पढ़ाई में बाधा आ रही है। गायघाट उच्च माध्यमिक विद्यालय के हेडमास्टर ने विभाग से मदद मांगी है। डीपीओ ने स्कूल को दो पालियों में संचालित करने का निर्देश दिया है, ताकि छात्रों की उपस्थिति और पढ़ाई प्रभावित न हो।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। वर्ग कक्ष के अभाव में बच्चों की पढ़ाई में रूकावट आ रही है। उत्क्रमित प्लस-टू स्कूलों में यह समस्या सबसे अधिक आ रही है। गायघाट उच्च माध्यमिक विद्यालय सुस्ता के हेडमास्टर ने इस संबंध में विभाग से गुहार लगाई है।
कक्षाओं की कमी
प्राइमरी से प्लस टू तक के इस स्कूल में 12वीं तक की कक्षा चलती है मगर कमरे आधे भी नहीं हैं। जो बच्चे स्कूल आते हैं, उनके लिए बैठने की जगह स्कूल में नहीं है। इसके कारण छात्र-छात्राओं की उपस्थिति भी कम हो रही और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। डीपीओ माध्यमिक अलका सहाय ने निर्देश दिया है कि छात्रहित में इस विद्यालय को दो पालियों में संचालित किया जाए।
नए समय सारणी
डीपीओ ने कहा है कि एक से आठ की कक्षा सुबह 6.30 से 12 बजे तक चलेगी। 9वीं से 12वीं तक की कक्षा 12 से 5 बजे तक चलेगी। दिसम्बर से मार्च तक आठवीं तक की कक्षा का समय बदल जाएगा और दूसरी पाली में इसे चलाया जाएगा। डीईओ ने निर्देश दिया है कि इसकी सूची शिक्षा समिति और अभिभावकों को उपलब्ध कराई जाएगी ताकि कोई दिक्कत नहीं हो। एक से आठ में यदि छात्र उपस्थिति अनुपात में शिक्षक कम हैं तो प्रधानाध्यापक अपने विवेक से हाईस्कूल के शिक्षकों को इसमें अध्यापन कार्य के लिए भेजेंगे।


