नये डिग्री कॉलेजों में एक जुलाई से होंगी कक्षाएं
बीआरएबीयू में नये खुले डिग्री कॉलेजों में एक जुलाई से कक्षाएं शुरू होंगी। कॉलेजों के विकास के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बीआरएबीयू में नये खुले डिग्री कॉलेजों में एक जुलाई से कक्षाएं शुरू होंगी। कॉलेजों के विकास के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।महाविद्यालय को एक जुलाई से पठन पाठन शुरू करने, भवनों की मरम्मत से लेकर आवश्यक संसाधनों से संपन्न करने हेतु जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने शुक्रवार को प्राचार्यों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में डिग्री कॉलेज संचालित करने के लिए विद्यालयों का चयन कर लिया गया। इन विद्यालयों में भवन मरम्मत, फर्नीचर, शैक्षणिक संसाधन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी ताकि निर्धारित तिथि से नियमित पठन-पाठन शुरू हो सके।जिलाधिकारी
ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ संयुक्त रूप से विद्यालयों का भ्रमण कर भवनों की स्थिति का आकलन करें। उन्होंने भवन मरम्मत, कक्षाओं की उपलब्धता, पेयजल, शौचालय, बिजली, फर्नीचर तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की जरूरत का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने को कहा। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला योजना पदाधिकारी को आवश्यक सामग्री का प्राक्कलन तैयार कर शीघ्र निविदा प्रकाशित करने का निर्देश दिया।


