Muzaffarpur News: पतंग लूटने में चाईनीज मांझे में उलझकर दो बच्चे घायल
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के धीरनपट्टी गांव में पतंग लूटने के विवाद ने झड़प का रूप ले लिया। बच्चों के बीच मारपीट में दो बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। एक बच्चे की गर्दन चाईनीज मांझे से फंस गई, जबकि दूसरे का हाथ कट गया। दोनों बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अब वे खतरे से बाहर हैं।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। बेला थाना क्षेत्र के धीरनपट्टी गांव में शनिवार को पतंग लूटने की होड़ में बच्चों के दो गुटों के बीच झड़प हो गई। खेल-खेल में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान प्रतिबंधित चाईनीज मांझे की चपेट में आने से दो मासूम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। एक बच्चे की गर्दन कटने से बाल-बाल बची, जबकि दूसरे का हाथ जख्मी हो गया है।धीरनपट्टी इलाके में कुछ बच्चे छतों और खुले मैदान में पतंगबाजी कर रहे थे। इसी दौरान एक कटी हुई पतंग को लूटने के लिए दर्जनों बच्चे एक साथ सड़क पर दौड़ पड़े।
पतंग पर कब्जे को लेकर बच्चों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान एक बच्चा चाईनीज मांझे के जाल में बुरी तरह उलझ गया। मांझा सीधे उसके गले के पास फंस गया। चीख-पुकार मचने पर जब दूसरे बच्चे ने उसे बचाने का प्रयास किया तो उसकी हथेलियां मांझे से कट गई। लोगों ने तुरंत पहुंचकर किसी तरह मांझा काटकर बच्चों की जान बचाई। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल बच्चों को तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों बच्चे अब खतरे से बाहर हैं। बेला थाने की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


