सीएम नीतीश कुमार का मुजफ्फरपुर दौरा आज, देंगे 853 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के दौरान शुक्रवार को मुजफ्फरपुर में 853 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे। इसमें सड़क, पुल और पंचायत भवन शामिल हैं। वे 172 योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और कार्यारंभ करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के क्रम में शुक्रवार को मुजफ्फरपुर जिले को 853 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं की सौगात देंगे। इन योजनाओं में सड़क, पुल-पुलियों के अलावा पंचायत सरकार भवनों को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री अपने कार्यक्रम के दौरान करीब दो घंटे जिले में रहेंगे। इस दौरान वे जीरोमाइल स्थित बाजार समिति में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुल 172 योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और कार्यारंभ करेंगे।इनमें 212 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी 47 योजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे।
वहीं, 194 करोड़ रुपये की 89 योजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा, 447 करोड़ की लागत वाली उन योजनाओं का कार्यारंभ भी कराएंगे, जिनके लिए निविदा निकाल कर कार्य एजेंसी का चयन किया जा चुका है। डीएम ने बताया कि बाजार समिति में मुख्यमंत्री जिले के सभी अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। इसमें वे प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
अंत में वे बाजार समिति परिसर में ही आयोजित होने वाले जन संवाद कार्यक्रम में आगत अतिथियों से रूबरू होंगे। इससे पहले, डीएम और एसएसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ बखरी और बाजार समिति का दौरा किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने वहां हो रहे इंतजामों का भी जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




