Muzaffarpur News: हिन्दी दिवस : हिन्दी के संरक्षण-संवर्द्धन के लिए प्रतिबद्ध रहें : आयुक्त
Muzaffarpur News: हिन्दी संरक्षण और संवर्द्धन के लिए प्रतिबद्ध रहने की जरूरत है। तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने हिन्दी दिवस पर सेमिनार में यह विचार व्यक्त किया। प्रतियोगिताओं में हिन्दी के प्रचार-प्रसार पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में विभिन्न अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया और प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। हिन्दी के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए प्रतिबद्ध रहने की जरूरत है। वैश्वीकरण और डिजिटल दौर में हिन्दी का दायरा लगातार बढ़ रहा है। आधुनिक तकनीक हिन्दी के प्रसार और विकास में उत्प्रेरक की भूमिका निभा रही है। ये बातें तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने हिन्दी दिवस पर सोमवार को नगर भवन में आयोजित सेमिनार में कहीं।
सेमिनार में विचार-विमर्श
आयुक्त ने कहा कि बिहार हिन्दीभाषी राज्य है और सरकारी कामकाज में हिन्दी का व्यापक प्रयोग होता है। अपनी भाषा, संस्कृति और रीति-रिवाज के प्रति सभी को गर्व का भाव रखना चाहिए। वर्तमान दौर में भाषा को रोजगार के अवसरों से जोड़ना भी जरूरी है। राजभाषा हिन्दी की महत्ता एवं उसकी भूमिका पर आयोजित सेमिनार में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्त्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी आदि ने भी विचार रखे।
प्रतियोगिताओं का आयोजन
इस मौके पर हिन्दी के प्रचार-प्रसार और संवर्द्धन को लेकर कहानी, कविता, निबंध, परिचर्चा और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं हुईं। ‘हिन्दी भाषा राष्ट्र को जोड़ती है’ विषय पर परिचर्चा एवं वाद-विवाद तथा ‘मेरे जीवन की सर्वोत्तम घटना’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपनिदेशक, राजभाषा सह आयुक्त के सचिव संदीप शेखर प्रियदर्शी ने की। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

