विदेश भेजने के नाम पर ठगी के खिलाफ सीबीआई ने शुरू किया ऑपरेशन सीवाई स्ट्राइक
मुजफ्फरपुर में सीबीआई ने फर्जी वीजा देकर बेरोजगारों से ठगी करने वाले रैकेट के खिलाफ ऑपरेशन सीवाई स्ट्राइक शुरू किया है। ये गिरोह न केवल युवाओं से ठगी कर रहे हैं, बल्कि साइबर फ्रॉड से लोगों के खाते से पैसे भी उड़ा रहे हैं। सीबीआई ने 10 राज्यों में कार्रवाई की है।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी वीजा थमाकर बेरोजगारों से ठगी करने वाले रैकेट के खिलाफ सीबीआई ने ऑपरेशन सीवाई स्ट्राइक शुरू किया है। देशभर में यह गिरोह न केवल युवाओं से ठगी कर रहे हैं, बल्कि साइबर फ्रॉड कर लोगों के खाते से रुपये भी उड़ा रहा है। इंटरपोल की सूचना पर सीबीआई बिहार समेत 10 राज्यों में ठगी के गस रैकेट के खिलाफ अभियान चला रही है। सूबे के कई जिलों के इस तरह के मामलों के आरोपितों की जांच की जा रही है। सीबीआई ने मुजफ्फरपुर पुलिस से विदेश भेजने के लिए फर्जी वीजा देकर सैकड़ों युवकों से हुई ठगी के दो मामलों के आरोपितों के संबंध में भी जानकारी ली है।
ब्रह्मपुरा में कंसल्टेंसी कार्यालय खोलकर दर्जनों युवकों को उज्बेकिस्तान भेजने के लिए फर्जी वीजा देकर बड़े पैमाने पर ठगी की गई थी। इस मामले में दो फरवरी 2024 को एफआईआर दर्ज हुई थी। यहां ठगी के शिकार युवकों को फर्जी वीजा देकर दिल्ली से दोहा और दोहा से तुर्किए और वहां से उज्बेकिस्तान जाने के लिए फ्लाइट का टिकट दिया गया था। दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद पता चला कि सबको फर्जी वीजा दिया गया है। इसके बाद 18 युवकों ने ब्रह्मपुरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंसल्टेंसी कार्यालय को सील किया था। मामले में दिल्ली के मास्टरमाइंड रिजवी उर्फ जयप्रकाश समेत चार को नामजद आरोपित बनाया गया है। इस घटना के डेढ़ साल बाद अक्टूबर 2025 में बैरिया में एक कंसल्टेंसी पकड़ी गई। यहां से पश्चिमी अफ्रिकी देश बेनिन का फर्जी वीजा देकर 300 से अधिक युवकों से करोड़ों रुपये की ठगी की गई। मामले में एयरपोर्ट से लौटकर आए 29 युवकों ने थाने में संयुक्त हस्ताक्षर देकर बीते साल आठ अक्टूबर को एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें चिह्नित हुए शातिरों का जुड़ाव झारखंड और नोएडा से सामने आया है। सीबीआई इन दोनों कांडों में चिह्नित आरोपितों का ब्योरा लेकर उनके बड़े नेटवर्क से जुड़ाव के तार खंगाल रही है। सूत्रों के अनुसार ऑपरेशन सीवाई स्ट्राइक में सीबीआई को कुवैत का फर्जी वीजा देकर बड़े पैमाने पर ठगी के रैकेट से जुड़े शातिरों के नेटवर्क का पता चला है। इसके बाद जांच एजेंसी आगे की कार्रवाई में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


