मीनापुर के व्यवसायी को गोली मार आभूषण की लूट
मुजफ्फरपुर के महिंदवारा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम को तीन अपराधियों ने व्यवसायी अभिमन्यु कुमार को गहने लूटते समय गोली मार दी। व्यवसायी का हाथ घायल हुआ है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।...

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। सीतामढ़ी के महिंदवारा थाना इलाके के वासुदेव-मौना रोड पर बुधवार की शाम छह बजे तीन अपराधियों ने गहने की लूट के दौरान व्यवसायी अभिमन्यु कुमार को गोली मार दी। व्यवसायी मीनापुर थाना के गोरिगामा गांव के निवासी हैं। उनके हाथ में गोली लगी है। एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। वह खतरे से बाहर हैं। सूचना मिलने पर मीनापुर विधायक मुन्ना यादव अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया। कहा कि सूचना देने के तीन घंटे बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। घायल व्यवसायी ने बताया है कि वासुदेव चौक पर उनकी आभूषण की दुकान है। वह दुकान बंद कर बाइक से मीनापुर के गोरीगामा स्थित घर लौट रहे थे।
दुकान का आभूषण हर दिन की तरह बाइक की डिक्की में रखा था। तीन अपराधी सुनसान सड़क पर घात लगाए हुए थे। पहुंचते ही घेर लिया और पिस्टल तान दी। अपराधी सिर में गोली मार देते, लेकिन पिस्टल हाथ से पकड़ लिया। गोली हाथ में लगी। गोली लगने के बाद अपराधी गहना समेत बाइक छीनकर फरार हो गए। व्यवसायी ने सोना व चांदी के गहनों की अनुमानित कीमत 10 लाख से अधिक बताई है। बाइक, मोबाइल और व्यवसायी के गले से सोने की चेन भी अपराधियों ने लूट ली। एसकेएमसीएच में भर्ती होने की सूचना पर स्थानीय ओपी पुलिस पहुंची। पुलिस ने घटना के संबंध में प्रारंभिक जानकारी ली। इलाज के बाद विधिवत बयान दर्ज कर महिंदवारा थाना में भेजने की बात परिजनों को बताई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




