Muzaffarpur News: वेतन पुनरीक्षण के लिए बीएसएनएल कर्मियों ने की भूख हड़ताल
Muzaffarpur News: वेतन पुनरीक्षण की मांग को लेकर बीएसएनएल अधिकारियों और कर्मियों के संयुक्त मोर्चा ने गुरुवार को भूख हड़ताल करने के साथ ही लंच ऑवर में प्रदर्शन भी किया।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। वेतन पुनरीक्षण की मांग को लेकर बीएसएनएल अधिकारियों और कर्मियों के संयुक्त मोर्चा ने गुरुवार को भूख हड़ताल करने के साथ ही लंच ऑवर में प्रदर्शन भी किया। उनकी भूख हड़ताल और प्रदर्शन नौ चरणों में होनेवाले आंदोलन के तीसरे चरण का हिस्सा था। इसकी जानकारी ऑल यूनियंस एंड एसोसिएशंस ऑफ बीएसएनएल के जिला संयोजक नंदकिशोर सिंह ने दी। बताया कि बीएसएनएल में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारी तीसरी वेतन पुनरीक्षण कमेटी के गठन को लेकर दो माह तक चरणबद्ध आंदोलन चला रहा है। इस क्रम में एक अक्टूकर को सीएचक्यू और सर्किल पर एकदिवसीय भूख हड़ताल की गयी।
बिजनेस और परिचालन केंद्रों पर भोजनावकाश के समय विरोध प्रदर्शन हुआ। मुजफ्फरपुर बिजनेस केंद्र पर दो सौ से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इनका नेतृत्व सभी संगठनों के जिला मंत्री और जिलाध्यक्षों ने किया। वहीं भूख हड़ताल और विरोध प्रदर्शन को देखते हुए देशव्यापी स्थापना दिवस कार्यक्रम को प्रबंधन ने रद्द कर दिया। बताया कि दूसरे चरण के कार्यक्रम के दौरान ट्विटर पर विरोध अभियान चलाया गया था। मौके पर उदय कुमार साह, वीरेंद्र कुमार, विनीत रंजन, अरुण कुमार चौधरी, एनके सिंह, मनोज कुमार, दीप्ति शिखा, आलोक प्रकाश, रूपेश कुमार चौधरी सहित अन्य थे।


