
चार हफ्ते की इंटर्नशिप में जाएंगे बीआरएबीयू के छात्र
मुजफ्फरपुर के बीआरएबीयू के छात्र-छात्राओं के लिए चार हफ्ते की इंटर्नशिप अनिवार्य की गई है। इसके लिए विवि ने तैयारी शुरू कर दी है। छात्रों को प्रोजेक्ट बनाना होगा और उन्हें रोजगारोन्मुख कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा। लगभग एक लाख विद्यार्थियों को ऑफलाइन और ऑनलाइन इंटर्नशिप का लाभ मिलेगा।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। चार हफ्ते की इंटर्नशिप में बीआरएबीयू के छात्र-छात्राएं जाएंगे। विवि ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इंटर्नशीप को लेकर कमेटी बनाई जा रही है। विवि के चार वर्षीय स्नातक के विद्यार्थी केवल रट्टामार पढ़ाई नहीं करें, बल्कि उनकी पढ़ाई रोजगारोन्मुख हो, इसे लेकर यह तैयारी की गई है। विवि में छात्र कल्याण पदाधिकारी डा. आलोक प्रताप को यह जिम्मा दिया गया है। डीएसडब्ल्यू ने कहा कि इसके लिए जिले के सरकारी, निजी संस्थानों के साथ एनजीओ की भी सूची बनाई जा रही है। चौथे सेमेस्टर के बाद इंटर्नशिप अनिवार्य किया गया है, जो छात्र-छात्राएं इंटर्नशीप करेंगे, उन्हें ही पांचवें सेमेस्टर में एंट्री की अनुमति मिलेगी।
डीएसडब्ल्यू ने कहा कि राज्य स्तर पर इसका प्रस्ताव भेजा गया था। इसमें विद्यार्थियों की संख्या बीआरए बिहार विवि में अधिक है। ऐसे में एक खास निर्णय लिया गया है। इसके तहत ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन इंटर्नशिप की भी अनुमति मिली है। हालांकि इसमें प्राथमिकता ऑफलाइन इंटर्नशिप की होगी। चार क्रेडिट इस इंटर्नशिप के मिलेंगे और इसे जोड़ा जाएगा। ऐसे में विद्यार्थियों को इसे हर हाल में करना होगा। विवि के एक लाख विद्यार्थियों को इंटर्नशिप कराने की तैयारी डीएसडब्ल्यू ने कहा कि विवि के लगभग एक लाख विद्यार्थियों को इंटर्नशिप कराने की तैयारी है। विज्ञान, कला के साथ वाणिज्य के भी विद्यार्थियों को यह कराया जाएगा। संकायवार प्राथमिकता देकर संस्थानों का चयन किया जा रहा है। जिले के भीतर चयनित संस्थानों में छात्रों को ऑफलाइन ही इंटर्नशिप करना होगा। अगर कोई संस्थान राज्य के बाहर का चयन करते हैं तो वहां के लिए ऑनलाइन की भी अनुमति रहेगी। इंटर्नशिप के बाद बनाना होगा अपना प्रोजेक्ट भी छात्र किसी ना किसी एक कौशल में दक्ष हो जाए, यही विवि की कोशिश है। ऐसे में छात्रों ने सही तरीके से इटर्नशिप किया या नहीं, इसकी कमेटी निगरानी करेगी। छात्रों को अंतिम सप्ताह में अपने इंटर्नशीप से संबंधित प्रोजेक्ट भी बनाना होगा। इसी पर उनका क्रेडिट तय होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




