बीआरएबीयू : पीजी के नए सत्र दाखिला समर्थ पोर्टल से
बीआरए बिहार विवि में पीजी के नए सत्र में दाखिला लेने के लिए समर्थ पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। विवि प्रशासन इस प्रक्रिया की तैयारी कर रहा है, लेकिन अभी तक दिशा निर्देश नहीं जारी किए गए हैं। जनवरी से दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बीआरए बिहार विवि में पीजी के नए सत्र में दाखिला समर्थ पोर्टल से करने की तैयारी है। इसके लिए विवि प्रशासन प्रारूप तैयार कर रहा है। हालांकि, इस बारे में अभी दिशा निर्देश नहीं जारी किया गया है। कुलपति प्रो. डीसी राय के आदेश के बाद ही समर्थ पोर्टल से दाखिले की अधिसूचना जारी की जाएगी। बीआरएबीयू के अधिकारियों का कहना है कि अभी दाखिले की तैयारी की जा रही है। पूरे बिहार में अभी सिर्फ पूर्णिया विवि ने ही समर्थ पोर्टल से स्नातक में दाखिला लिया है। बीआरएबीयू भी पूर्णिया विवि के मॉड्यूल को ही अपनाने जा रहा है।
बीआरएबीयू में समर्थ पोर्टल के सभी मॉड्यूल पर काम हो रहा है। मॉड्यूल में एक मॉडल दाखिले का भी है। बीआरएबीयू में अब तक दाखिले का काम यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट इनफॉर्मेशन सिस्टम के द्वारा किया जाता था। राज्य सरकार और राजभवन ने सभी विश्वविद्यालयों को समर्थ पोर्टल से दाखिला लेने का निर्देश दिया है। बीआएबीयू में शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों का वेतन भी समर्थ पोर्टल से देने की तैयारी की जा रही है। बीआरएबीयू में पार्ट थ्री सत्र 2023-25 के रिजल्ट के बाद पीजी सत्र 2025-27 में दखिले की प्रक्रिया शुरू होगी। दिसंबर में पीजी थर्ड पार्ट के रिजल्ट आने की उम्मीद है। जनवरी से पीजी में दाखिले की प्रक्रिया हो सकती है। बीआरएबीयू प्रशासन ने वर्ष 2026 में पीजी के सत्र को नियमित करने की योजना तैयार की है। बीआरएबीयू में अभी पीजी का सत्र एक साल देरी से चल रहा है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. राम कुमार का कहना है कि जून-जुलाई 26 तक पीजी का सत्र नियमित हो जाएगा। पीजी में दाखिले की तैयारी में सीटों डाटा भी तैयार कर लिया गया है। बीआरएबीयू में पीजी में 11 हजार सीटों पर पिछली बार दाखिला लिया गया था। विवि में इस बार कुछ कॉलेजों में पीजी सेंटर खोलने की योजना है। इसलिए मुमकिन है कि पीजी में सीटों की संख्या में वृद्धि हो। बीआरएबीयू प्रशासन मुख्यालय से दूर के कॉलेजों में पीजी सेंटर खोलने की योजना तैयार कर रहा है। कुछ कॉलेजों ने पीजी सेंटर खोलने के लिए विवि प्रशासन को आवेदन भी दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




