
विश्वविद्यालयों में स्नातक का सिलेबस होगा अपडेट
बिहार के सभी पारंपरिक विश्वविद्यालयों का सिलेबस अपडेट किया जायेगा। उच्च शिक्षा निदेशालय नैतिक शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े कोर्स जोड़ने पर विचार कर रहा है। सेमेस्टर सिस्टम के बारे में छात्रों से...
मुजफ्फरपुर, मृत्युंजय। बिहार के सभी पारंपरिक विश्वविद्यालयों का सिलेबस अपडेट किया जायेगा। उच्च शिक्षा निदेशालय इसपर काम कर रहा है। जल्द ही इसे बीआरएबीयू समेत सभी विश्वविद्यालयों में लागू किया जायेगा। इसके अलावा उच्च शिक्षा निदेशालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्नातक के छात्रों को कॉलेजों में स्थानीय भाषाओं में पढ़ाई कराने पर भी विचार कर रहा है। बिहार राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद की शैक्षिक सुधार समिति के सदस्य प्रो. मनेंद्र कुमार ने बताया कि स्नातक के सिलेबस में नैतिक शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े कोर्स जोड़ने पर काम किया जा रहा है। छात्रों को कौशल विकास से जुड़े कोर्स पढ़ने से उन्हें रोजगार के क्षेत्र में मदद मिलेगी।
नैतिक शिक्षा के कोर्स को पढ़ने से छात्रों में नैतिक विकास भी होगा। सेमेस्टर सिस्टम से पढ़ाई का लिया जाएगा फीडबैक उच्च शिक्षा निदेशालय स्नातक में सेमेस्टर सिस्टम से पढ़ाई को लेकर सभी छात्रों से उनकी राय भी जानेगा। सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया गया है वह अपने यहां के छात्रों से सेमेस्टर सिस्टम के बारे में राय लें। प्रो. मनेंद्र कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालयों के अलावा उच्च शिक्षा निदेशालय की शैक्षिक सुधार समिति के सदस्य भी कॉलेजों में जाकर छात्रों से सेमेस्टर सिस्टम के बारे में उनकी राय जानेंगे। छात्रों से पूछा जायेगा कि सेमेस्टर सिस्टम में सिलेबस पूरा हो रहा है या नहीं, तय क्रेडिट के अनुसार पढ़ाई हो रही है या नहीं। इस फीडबैक की रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी जायेगी। शोध को बढ़ावा देने के लिए बन रही रणनीति उच्च शिक्षा निदेशालय विश्वविद्यालयों में शोध को बढ़ावा देने के लिए भी रणनीति तैयार कर रहा है। इसके लिए शैक्षिक सुधार समिति को टास्क सौंपा गया है। विश्वविद्यालयों में नये विषयों पर शोध किया जाये और उसके लिए सभी संसाधन विश्वविद्यालयों में मौजूद हों, इसका आकलन उच्च शिक्षा निदेशालय करेगा। विश्वविद्यालयों से जानकारी मांगी गई है कि उनके यहां शोध के लिए क्या संसाधन हैं। मल्टीपल इंट्री व एक्जिट कितनी हुई, तैयार होगी रिपोर्ट उच्च शिक्षा निदेशालय ने स्नातक में सीबीसीएस सिस्टम के तहत होनेवाली मल्टीपल इंट्री और एक्जिट कितनी हुई, इसके बारे में सभी विश्वविद्यालयों से जानकारी मांगी है। इस व्यवस्था में छात्रों को कोई परेशानी तो नहीं हो रही है, इसके बारे में भी पूछा गया है। जल्द ही विश्वविद्यालयों के साथ उच्च शिक्षा निदेशालय में बैठक होगी। इस बैठक में मल्टीपल इंट्री और एग्जिट में छात्रों को परेशानी नहीं हो, इसपर चर्चा की जायेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




