विवि में शिक्षकों के लिए पांच घंटे शैक्षिक कार्य अनिवार्य
बिहार के विश्वविद्यालयों में शिक्षकों को हर दिन कम से कम पांच घंटे का शैक्षिक कार्य करना होगा। लोकभवन ने निर्देश जारी किया है कि यह शेड्यूल तब लागू होगा जब एक सेमेस्टर में 180 दिन का शैक्षिक कार्य हो। शिक्षकों को सप्ताह में 40 घंटे का कार्य पूरा करना अनिवार्य है।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बिहार के विश्वविद्यालयों में शिक्षकों को हर दिन कम से कम पांच घंटे तक शैक्षिक कार्य करना है। लोकभवन ने इसका निर्देश जारी किया है। लोकभवन ने कहा है कि पांच घंटे का यह शेड्यूल तभी लागू होगा जब एक सेमेस्टर में 180 दिन का शैक्षिक कार्य हो। शिक्षकों को सप्ताह में 40 घंटे का शैक्षिक कार्य हर हाल में पूरा करना है। इसके लिए किसी दिन पांच घंटे से अधिक भी वह कॉलेज या विभाग में रह सकते हैं। लोकभवन ने सभी विवि को निर्देश दिया है कि वह अपने विवि और कॉलेजों में पांच घंटे के शैक्षिक कार्य के आदेश को पूरी तरह लागू कराएं।
यह आदेश सहायक प्राध्यापक से लेकर प्राध्यापकों तक के लिए लागू होगा। बीआरएबीयू में इससे पहले कॉलेजों और पीजी विभागों में बायोमेट्रिक मशीन भी हाजिरी बनाने के लिए लगायी जा चुकी है। हालांकि, कई विभागों और कॉलेजों में बायोमेट्रिक मशीनें काम नहीं कर रही हैं। इससे पहले बीआरएबीयू में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक शिक्षकों को विभाग में रहने का आदेश जारी किया गया था। हालांकि, इसे अमल में नहीं लाया जा सका।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


