
चुनाव के 700 से अधिक गंभीर कांडों के आरोपित घोषित किए जाएंगे गुंडा
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर, थानों में गुंडा पंजी को अपडेट किया जा रहा है। नए गुंडों के नाम जोड़े जाएंगे और 700 हिस्ट्रीशीटरों की सूची बनाई गई है। गुंडा घोषित होने के बाद आरोपियों को पुलिस के...
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर थानों में गुंडा पंजी अपडेट की जा रही है। इसमें हिस्ट्रीशीटर शातिरों का नाम गुंडा पंजी में जोड़ा जाएगा। अब दशकों पुराने गुंडों की जगह नये गुंडों का नाम इसमें शामिल होगा। दो या उससे अधिक मामलों में आरोपित हिस्ट्रीशीटर का नाम गुंडा पंजी में जुड़ेगा। गुंडा पंजी में प्रत्येक थाने को 50-50 हिस्ट्रीशीटर का नाम अंकित करने का निर्देश दिया गया है। जिले के 40 थानों में अब तक 700 हिस्ट्रीशीटरों की सूची बनाई गई है, जिसका नाम गुंडा पंजी में दर्ज करने की कवायद की जाएगी। गुंडा पंजी में नाम शामिल होने के बाद थाने के रिकॉर्ड में उक्त व्यक्ति गुंडा घोषित हो जाएगा।

तब उसके खिलाफ अन्य कई तरह की निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने बीते 27 अगस्त को विस चुनाव को लेकर हो रही निरोधात्मक कार्रवाई के संबंध में रेंज के सभी जिलों के एसपी संग बैठक की थी। इसमें उन्होंने थानों में गुंडा पंजी को अपडेट करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभियान चलाकर गुंडा पंजी में असामाजिक तत्वों का नाम जोड़ने का निर्देश दिया था। डकैती, लूट, हत्या, रंगदारी, फिरौती के लिए अपहरण आदि गंभीर कांडों के आरोपितों को गुंडा घोषित किया जाएगा। इसमें शराब, अनाज व अन्य माफियाओं का नाम भी शामिल होगा। गुंडा घोषित होते थाने में लगानी होगी हाजिरी: पंजी में एक बार नाम अंकित होने के बाद संबंधित को गुंडा घोषित कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जानी है। इसके तहत उनको चुनाव अवधि के दौरान थाने पर हाजिरी लगानी होगी। अपनी संपत्ति का पूर्ण ब्योरा पुलिस को देना होगा। थाने में दिए गए ब्योरे के बाद यदि कोई नई संपत्ति खरीदते हैं तो उन्हें आय का जरिया बताना होगा। ऐसी कई पाबंदिया गुंडों पर लगाई जाएगी। हर थाने से हजार पर 107 का प्रस्ताव: गुंडा पंजी के अलावा प्रत्येक थाने में 107 के लिए भी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक थाने से एक-एक हजार उपद्रवियों पर 107 की कार्रवाई का प्रस्ताव एसडीओ कार्यालय भेजा जाएगा। इसके लिए प्रथम फेज में जिले 35 हजार के खिलाफ एसडीओ को प्रस्ताव जाएगा। इसका नोटिस रिसीव कराकर सभी से बॉन्ड लिया जाएगा। इसमें उन्हें लिखित देना होगा कि चुनाव अवधि में किसी तरह की उदंडता व उपद्रव नहीं करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




