Muzaffarpur News: अवध असम व बाघ एक्सप्रेस में परीक्षार्थियों की भारी भीड़
Muzaffarpur News: बिहार पुलिस अवर दारोगा परीक्षा के परीक्षार्थी रविवार को विशेष ट्रेनों से घर लौटे। मुजफ्फरपुर जंक्शन से कई परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं, लेकिन यात्रियों की भारी भीड़ ने सामान्य एवं स्लीपर कोचों को भरा। आरपीएफ की टीम भीड़ नियंत्रण में सक्रिय रही।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। बिहार पुलिस अवर दारोगा परीक्षा देकर घर लौट रहे परीक्षार्थियों की भारी भीड़ रविवार को अवध असम और बाघ एक्सप्रेस से रवाना हुई। परीक्षा स्पेशल ट्रेनों में अपेक्षित भीड़ नहीं रही। मुजफ्फरपुर जंक्शन से सीवान और बापूधाम मोतिहारी के लिए एक-एक परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई गई थी। समस्तीपुर मंडल ने मुजफ्फरपुर से दो, बेतिया, मधुबनी व समस्तीपुर से एक-एक परीक्षा स्पेशल ट्रेन रवाना की, जो मुजफ्फरपुर होकर गुजरी।परीक्षार्थी इन स्पेशल ट्रेनों का इंतजार न कर समस्तीपुर के लिए अवध असम एक्सप्रेस और हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान तक जाने के लिए बाघ एक्सप्रेस से रवाना हुए। सामान्य और स्लीपर कोच परीक्षार्थियों से खचाखच भरे रहे।
कई परीक्षार्थी दरवाजों पर खड़े होकर भी सफर करते दिखे।समस्तीपुर और इससे आगे जाने वाले अभ्यर्थी मिथिला और मौर्य एक्सप्रेस से भी रवाना हुए। इस दौरान भीड़ नियंत्रण को लेकर आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ की टीम मुस्तैद रही। रेलवे की ओर से एरिया मैनेजर रविशंकर महतो, सीसीआई राजेश रंजन श्रीवास्तव, प्रभारी स्टेशन प्रबंधक कृष्णा कुमार आदि मौजूद रहे।


