बाहुबलियों का सम्मान बंद करें, उन्हें घर न बुलाएं: दिलीप जायसवाल

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
Follow us on Google News
share

मुजफ्फरपुर में भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त बिहार बनाना है। उन्होंने समाज से अवांछित लोगों का बहिष्कार करने की अपील की। मंत्री ने 'ऊपरी कमाई' को भ्रष्टाचार की जड़ बताया और सहयोग शिविर के आयोजन की घोषणा की।

बाहुबलियों का सम्मान बंद करें, उन्हें घर न बुलाएं: दिलीप जायसवाल

मुजफ्फरपुर, विशेष संवाददाता। भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने अपराध और भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया है। सहयोग शिविर में शिरकत करने मंगलवार को यहां पहुंचे जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य अपराध मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बिहार बनाना है। उन्होंने सभी वर्गों से समाज में मौजूद अवांछित और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का सार्वजनिक बहिष्कार करने की अपील की। मंत्री ने कहा, ‘रंगदारी करने वाले, दलाली करने वाले और शरीर ऐंठ कर चलने वाले बाहुबलियों का सम्मान करना बंद कीजिए। उन्हें अपने घरों के आयोजनों या कार्यक्रमों में आमंत्रित मत कीजिए। समाज इन्हें दुत्कारेगा, तभी इनका मनोबल टूटेगा और अपराध पर लगाम लगेगी।’ उन्होंने कहा कि इससे पुलिस को भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में बड़ी सहूलियत होगी.

ऊपरी कमाई पूछना ही भ्रष्टाचार की जड़

मंत्री जायसवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा सबसे पहले हम अपने गांव और घर से ही देते हैं। आज जब लोग बेटी की शादी करने जाते हैं तो यह पूछते हैं कि लड़के की सैलरी के अतिरिक्त अलग से कितनी कमाई है? यह मानसिकता ही भ्रष्टाचार की जननी है। उन्होंने याद दिलाया कि राज्य के विभागों में तैनात अधिकारी इसी बिहार की मिट्टी से आते हैं। वे कहीं न कहीं हमारे ही बेटा, भाई या बहन हैं। इसलिए, अपने बच्चों को जन्म के बाद से ही ऐसे संस्कार दीजिए कि वे कभी भ्रष्टाचार की बात सोचें ही नहीं। मंत्री ने जोर देकर कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने में जनता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है.

हर महीने दो दिन लगेगा सहयोग शिविर

जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए मंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि, अब हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जनता से धैर्य रखने की अपील करते हुए भरोसा दिया कि शिविर में आने वाले सभी लोगों का काम नियमानुसार किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है, लेकिन अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई बिना जनसहयोग के नहीं जीती जा सकती.

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

डॉ. दिलीप जायसवाल ने बिहार में किस चीज़ पर प्रहार किया?
डॉ. दिलीप जायसवाल ने अपराध और भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।