विकसित भारत के संकल्प को गति देगा आम बजट : विजय सिन्हा
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने केंद्रीय वित्तमंत्री द्वारा प्रस्तुत आम बजट को जनकल्याणकारी और सर्वसमावेशी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट कृषि, उद्योग और युवा शक्ति को सशक्त बनाने पर केंद्रित है। मंत्री रामा निषाद ने इसे आर्थिक विकास और समान अवसरों का बजट बताया।

मुजफ्फरपुर, वसं। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत आम बजट जनकल्याणकारी, सर्वसमावेशी और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करनेवाला दूरदर्शी बजट है। यह बजट कृषि, उद्योग, इन्फ्रास्ट्रक्चर और युवा शक्ति को सशक्त बनाने पर केंद्रित है। लक्ष्मी चौक मरीन ड्राइव रोड स्थित भाजपा पूर्वी की ओर से रविवार को आयोजित कार्यक्रम में बजट का सीधा प्रसारण सुना गया। कार्यक्रम में मौजूद उप मुख्यमंत्री ने बजट सत्र के बाद कहा कि यह बजट आर्थिक विकास को गति देने के साथ-साथ आमलोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने वाला है। यह सर्व समावेशी और सर्व स्पर्शी बजट है, जो कृषि उद्योग और इन्फ्रास्ट्रक्चर सहित पूरे देश के समग्र विकास को समर्पित है।
विशेष रूप से देश की युवा शक्ति को सशक्त बनाने वाला बजट है। इसे ऐतिहासिक और आत्मनिर्भर भारत का बजट करार देते हुए उन्होंने अपनी पार्टी भाजपा और उनके करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री व केंद्रीय वित्त मंत्री समेत उनकी पूरी टीम को बधाई दी। मंत्री रामा निषाद ने कहा कि कर्तव्य भवन में तैयार किया गया यह पहला बजट तीनमुख कर्तव्य पर आधारित है। पहला आर्थिक विकास को बढ़ाना और इसे लगातार बनाए रखना, दूसरा लोगों की उम्मीदों को पूरा करना और तीसरा सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत के तहत सभी को समान अवसर उपलब्ध कराना मोदी सरकार का लक्ष्य है। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि पटना और वाराणसी में शीप रिपेयर सेंटर बनाए जाएंगे, जो खासतौर पर आंतरिक जल मार्गों के लिए होंगे। इन सेंटरों से नदी मार्गों से होनेवाले परिवहन को मजबूती मिलेगी। दोनों शहरों को वाटरवेज हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे बिहार की अर्थ व्यवस्था को न केवल मजबूती मिलेगी, बल्कि यहां रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इस मौके पर प्रदेश कार्यक्रम प्रभारी सुनील सेवक, विधायक बेबी कुमारी, पूर्व मंत्री केदार गुप्ता, पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, पूर्व मेयर सह जिला उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, डॉ. ममता रानी, उप मेयर डॉ. मोनालिसा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रवीन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष अशोक झा, अरविंद सिंह, इंदिरा सिंह, लालबाबू सहनी, महामंत्री मुकेश शर्मा, मनोज तिवारी, रविशंकर कुमार, मीडिया प्रभारी रंजन ओझा, मोर्चा अध्यक्ष दिवाकर शर्मा, सैयद अफरीदी, ओंकार पासवान, पिंकू गुप्ता, किसान मोर्चा अध्यक्ष पंकज सिंह, कार्यालय मंत्री दिलीप, पंकज चौहान, मनीष, सिद्धार्थ समेत अन्य मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




