मैट्रिक की विशेष परीक्षा के लिए सात तक फॉर्म भर सकेंगे छात्र
बिहार बोर्ड ने मुख्य परीक्षा का आवेदन भरने से वंचित छात्रों को 7 अप्रैल तक फॉर्म भरने का निर्देश दिया है। विशेष परीक्षा में शामिल होने का मौका उन छात्रों को भी दिया जाएगा जो मुख्य परीक्षा में अनुपस्थित रहे। इस परीक्षा के लिए 2023-24 और 2024-25 सत्र के परीक्षार्थियों को भी अवसर मिलेगा।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। मुख्य परीक्षा का आवेदन भरने से वंचित रह गए छात्र सात अप्रैल तक फॉर्म भर सकेंगे। मैट्रिक विशेष परीक्षा के लिए इस तिथि तक आवेदन करने का निर्देश बिहार बोर्ड ने दिया है। मुख्य परीक्षा में एक या अधिक विषय में अनुपस्थित रहे छात्रों को भी अपवादस्वरूप इस विशेष परीक्षा में शामिल होने का मौका बोर्ड की ओर से दिया गया है। मुख्य परीक्षा की तरह ही इन्हें रिजल्ट में सभी सुविधा मिलेगी। जिले में दो हजार से अधिक बच्चे आवेदन नहीं करने के साथ अन्य कारणों से परीक्षा देने से वंचित हो गए थे।कंपार्टमेंटल के साथ ही विशेष परीक्षा का भी फॉर्म भरवाया जा रहा है।
दोनों का फॉर्म अलग-अलग है। बोर्ड ने निर्देश दिया है कि विशेष परीक्षा में सत्र 2023-24 और 24-25 के पंजीकृत वैसे परीक्षार्थी जो परीक्षा में शामिल होकर अनुतीर्ण रहे हों और वर्ष 2026 की परीक्षा में किसी कारण से उनका फॉर्म नहीं भरा गया हो। उन्हें भी इस परीक्षा में शामिल होने का विशेष मौका दिया गया है। ऐसे परीक्षार्थी में अगर किन्हीं का इंटरनल और प्रैक्टिकल का अंक नहीं है तो उन्हें प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल कराया जाएगा और अंक समिति को भेजा जाएगा। जिनका प्राप्तांक समिति को पहले से प्राप्त हैं, उनका कैरी ऑन किया जाएगा।लगभग 10 हजार परीक्षार्थी हैं कंपार्टमेंटल में :जिले में मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट 80 फीसदी से अधिक था। लगभग 10 हजार परीक्षार्थी ऐसे हैं जिन्हें एक या दो विषय में कंपार्ट लगा है। इन परीक्षार्थियों को कंपार्टमेंटल के रूप में सात अप्रैल तक आवेदन करने का मौका मिला है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


