
प्रथम आवंटित संस्थान में नहीं लिया नामांकन तो स्लाइड अप से होंगे वंचित
बिहार बोर्ड ने बताया है कि यदि अभ्यर्थी प्रथम आवंटित संस्थान में नामांकन नहीं लेते हैं, तो उन्हें स्लाइड अप का लाभ नहीं मिलेगा। 16 दिसंबर तक नामांकन आवश्यक है। सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के साथ सीएलएसी-एसएलसी प्रस्तुत करना होगा। एक सप्ताह का समय दिया गया है।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। प्रथम आवंटित संस्थान में नामांकन नहीं लिया तो स्लाइड अप से अभ्यर्थी वंचित होंगे। डीएलएड में नामांकन को लेकर बिहार बोर्ड ने यह निर्देश दिया है। दो वर्षीय डीएलएड में बोर्ड की ओर से जारी मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन के लिए शनिवार को सरकारी टीचर ट्रेनिंग कॉलेजों में अभ्यर्थी पहुंचे। 16 दिसम्बर तक पहली मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन का निर्देश दिया गया है। बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों और शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि जिनका भी नाम पहली मेरिट लिस्ट में आया है, वे मनपसंद संस्थान नहीं मिलने पर भी नामांकन ले लेंगे।
इसके बाद स्लाइड अप के माध्यम से अभ्यर्थी संस्थान बदल सकते हैं। अगर पहली मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन नहीं लिया तो इस मौके से वंचित हो जाएंगे और उनका नाम सूची से बाहर कर दिया जाएगा। सीएलएसी-एसएलसी के लिए मिला एक सप्ताह का समय: नामांकन के समय सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के साथ ही सीएलएसी-एसएलसी देना है। इसी साल का आवासीय भी देना है। नामांकन के समय कई अभ्यर्थी एसएलसी लेकर नहीं पहुंच रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना कि अभी संस्थान से मिला ही नहीं है। ऐसे अभ्यर्थियों का नामांकन अन्य कागजात के आधार पर ले लिया जा रहा है मगर शपथपत्र के आधार पर उन्हें एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया जा रहा है। रामबाग, पोखरैरा, चंदवारा, पताही टीचर ट्रेनिंग कॉलेज में तीन से चार काउंटर लगाये गये हैं। अभी तक कहीं 40 तो कहीं 50 नामांकन हुए हैं। बोर्ड का निर्देश कि हर दिन नामांकन लेने वाले अभ्यर्थियों का डाटा पोर्टल पर अपडेट करना है। इसी के आधार पर 16 के बाद दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




