आज जारी होगा बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का एडमिट कार्ड
बिहार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए शनिवार को एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से अपने यूज़र आईडी और पासवर्ड से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा 7 जून को होगी, इसके लिए 180 केंद्र बनाए गए हैं।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बिहार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए शनिवार को एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा। पूर्व निर्धारित तिथि एक जून से पहले ही शनिवार को सुबह 11 बजे से एडमिट कार्ड डाउनलोड किया जा सकेगा। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने यूज़र आईडी एवं पासवर्ड से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश एडमिट कार्ड पर उपलब्ध रहेगा।
परीक्षा की तैयारियाँ
राज्य नोडल विश्वविद्यालय बीआरएबीयू द्वारा परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। सात जून को परीक्षा है। इसके लिए 180 केंद्र बने हैं। मुजफ्फरपुर में 26 और पटना में 40 केंद्र बनाए गए हैं। 11 बजे से आयोजित परीक्षा को लेकर 10:30 बजे तक अभ्यर्थी प्रवेश पा सकेंगे। परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी अभ्यर्थियों को केन्द्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले प्रश्नपत्र का पैकेट उपलब्ध कराया जाएगा। आधा घंटा पहले केंद्र अधीक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और शिक्षकों की उपस्थिति में प्रश्न पुस्तिकाओं के बॉक्स की सील की जांच कर इसे खोला जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा में प्रवेश
किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र और फोटो पहचान पत्र के बिना परीक्षा केंद्र पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। केंद्र अधीक्षक सभी परीक्षार्थी की भौतिक रूप से जांच करेंगे और यह देख लेंगे कि किसी प्रकार की लिखित सामग्री, प्रवेशपत्र पर कोई लेख, सादा कागज, क्लिप बोर्ड या कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तो नहीं है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को प्रतघंटा 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि संबंधित परीक्षार्थियों को निर्धारित प्रश्नपत्र का ही वितरण करेंगे। प्रश्नपत्र का बुकलेट सेट ए, बी, सी, डी में होगा। परीक्षार्थियों को जिस नंबर का ओएमआर शीट दिया जाएगा, उसी नंबर का प्रश्नपत्र बुकलेट भी दिया जाएगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


