
खेल से होने वाले दर्द के उपचार का मिला प्रशिक्षण
मुजफ्फरपुर में बीएचयू के विशेषज्ञों ने शारीरिक शिक्षकों को खेल से होने वाले दर्द के उपचार और राष्ट्रीय ध्वज बांधने का प्रशिक्षण दिया। दो दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हुआ, जिसमें खेलों के महत्व और छात्रों के समग्र विकास पर जोर दिया गया। सभी बच्चों की भागीदारी से स्वस्थ समुदाय बनाने की आवश्यकता बताई गई।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। खेल से होने वाले दर्द के उपचार से लेकर राष्ट्रीय ध्वज बांधने को लेकर बीएचयू से आए एक्सपर्ट ने ट्रेनिंग दी। गुरुवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण के अंतिम दिन शारीरिक शिक्षकों को मैदान में ले जाकर टिप्स दिया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट रामबाग के तत्वावधान में गुरुवार को एम्पावरिंग थ्रो फिजिकल एजुकेशन: बिल्डिंग इंक्लूसिव एंड एक्टिव स्कूल एनवायरनमेंट विषय पर शारीरिक शिक्षकों के दो दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हुआ। इससे पहले बीएचयू के अवकाश प्राप्त एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अखिल मेहरोत्रा ने शारीरिक शिक्षकों को खेल से उत्पन्न होने वाले दर्द, विभिन्न प्रकार के आसन, प्राणायाम, खिलाड़ियों के लिए चयन किए जाने वाले जूते, शिक्षक को सिटी बजाने, राष्ट्रीय ध्वज बांधने आदि के बारे में प्रशिक्षण दिया।

यूपी के ही सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्रो. श्याम लाल सिंह यादव ने भी विभिन्न विधाओं से परिचय कराया। डायट की प्रभारी प्राचार्य अनामिका कुमारी, डॉ. रश्मि, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. दीप्ति व्याख्याता सह कार्यक्रम समन्वयक आशीष कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किया। प्रशिक्षण के दूसरे दिन विशेषज्ञ अतिथियों ने शारीरिक शिक्षकों को शारीरिक शिक्षा से संबंधित विभिन्न विधाओं से परिचित कराया। उन्होंने स्कूल या स्कूल के बाद खेल के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षा छात्रों को समग्र रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने शारीरिक शिक्षकों से कहा कि खेल का विकास सिर्फ स्टेडियम या अन्य संसाधन से नहीं होता, बल्कि शारीरिक शिक्षकों को इसके लिए स्कूल स्तर पर ही सशक्त करना पड़ेगा। स्वस्थ्य समुदाय बनाने के लिए स्कूल के सभी बच्चों की भागीदारी आवश्यक है। इसके लिए शारीरिक शिक्षकों के साथ-साथ प्रधानाध्यापक सहित समूचे विद्यालय का वातावरण भी बनाना पड़ेगा तथा इसमें सभी का सहयोग आवश्यक है। वहीं इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की ओर से मनोज कुमार सिंह, राज कुमार, मुकेश कुमार, दीपक कुमार और शिक्षकों ने आभार प्रकट किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


