दुकान और होटल पर कब्जे की नीयत से जानलेवा हमला, 20 पर केस

Feb 27, 2026 08:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर के रघुवंश नगर निवासी मनोज कुमार बंका ने कोर्ट में परिवाद दायर किया, जिसके आधार पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि प्रदीप कुमार बंका और राजन कुमार ने दुकान और होटल पर कब्जा करने की नीयत से जानलेवा हमला किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दुकान और होटल पर कब्जे की नीयत से जानलेवा हमला, 20 पर केस

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। शहर के रघुवंश नगर पड़ती टोला निवासी मनोज कुमार बंका की ओर से कोर्ट में दायर परिवाद के आधार पर नगर थाने में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में सिकंदरपुर के प्रदीप कुमार बंका और अखाड़ाघाट के राजन कुमार को नामजद करने के साथ 20 अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। पीड़ित ने सभी पर दुकान व होटल पर कब्जा करने की नीयत से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित मनोज ने अपने परिवाद में बताया कि यह घटना बीते साल 30 सितंबर की है।

उस दिन वे सरैयागंज स्थित अपनी दुकान में पुत्र के साथ बैठे थे। अचानक सभी आरोपित हथियारों से लैस पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों का मुख्य उद्देश्य दुकान और होटल पर कब्जा करना था। एफआईआर के अनुसार, हमलावरों ने मनोज और उसके पुत्र पर जानलेवा हमला किया। उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि इन सबको खत्म कर पूरे होटल और दुकान पर कब्जा कर लो। इस दौरान आरोपियों ने मनोज का गला दबाकर उन्हें मारने की कोशिश भी की। इतना ही नहीं हमलावर खिड़की के रास्ते घर में घुस गए और वहां आगजनी व लूटपाट का प्रयास किया। आरोप है कि हमले में उनको 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। घटना के समय पुलिस के मौके पर पहुंचने से उनकी जान बची। हालांकि, घटना के बाद जब उन्होंने थाने में शिकायत की तो पुलिस ने टालमटोल की। थक-हारकर उन्होंने कोर्ट को परिवाद दायर किया। नगर थानेदार अनोज कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।