सेल टैक्स कर्मी के बंद घर में आग लगाने का प्रयास
मुजफ्फरपुर के गांधी नगर मोहल्ले में सेल टैक्स कर्मी धीरेन्द्र भूषण के बंद घर में आग लगाने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। रिश्तेदार मनोज कुमार ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। घटना के समय घर में कोई नहीं था। आग से कुछ सामान जल गया, लेकिन कोई बड़ी क्षति नहीं हुई।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। गोबरसही के गांधी नगर मोहल्ले में शनिवार को सेल टैक्स कर्मी धीरेन्द्र भूषण के बंद घर में आग लगाने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। इस संबंध में उनके रिश्तेदार मनोज कुमार ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसमें अज्ञात बदमाशों को आरोपित करते हुए साजिश के तहत हमले का आरोप लगाया है। धीरेंद्र भूषण सेल टैक्स में असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं। वह वर्तमान में झारखंड के धनबाद में पोस्टेड हैं। पुलिस की पूछताछ में उनके रिश्तेदार मनोज कुमार ने बताया कि घटना के वक्त घर में कोई नहीं था।
घर में ताला बंद था। यहां उनकी मां रहती थी, लेकिन छठ के बाद 30 अक्टूबर को वह भी घर में ताला बंद कर अपने बेटे के पास चली गई। जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने घर का शीशा तोड़कर कपड़े में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। आग लगते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से कोई बड़ी क्षति नहीं हुई, लेकिन घर के शीशे और कुछ सामान जलकर नष्ट हो गए। इधर, सदर थानेदार अस्मित कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



