Muzaffarpur News: पिस्तौल दिखाकर दिनदहाड़े तीन लाख के आभूषण लूटे
Muzaffarpur News: सकरा में एक आभूषण दुकान से बाइक सवार दो अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर करीब तीन लाख के सोने के गहने लूट लिए। दिनदहाड़े हुई इस लूट से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
Muzaffarpur News: सकरा, हिन्दुस्तान संवाददाता सकरा थाना क्षेत्र के सिहो चौक के पास हाईवे किनारे स्थित आभूषण एवं बर्तन दुकान से बाइक सवार दो अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर करीब तीन लाख के सोने के आभूषण लूट लिए। मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए। दोनों अपराधी ग्राहक बनकर दुकान में आए थे。
घटना का विवरण
दिनदहाड़े आभूषण दुकान में लूट की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर सकरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकानदार रेपुरा गांव निवासी बालाजी ने पुलिस को बताया कि वह भाई अमरनाथ साह के साथ मिलकर दुकान चलते हैं। भाई दुकान के काम से निकला हुआ था। दुकान में वह बैठे थे। इस बीच बाइक सवार दो युवक दुकान में आए। उनमें से एक ने दो स्टील का ग्लास खरीदा। उसके बाद अपने खास व्यक्ति को गिफ्ट में देने के लिए नथिया दिखाने को बोला। इस पर जब वह गहना निकाल कर दिखाने लगे तो अचानक उसने कमर से पिस्तौल निकालकर सटा दी और शोर मचाने पर गोली मारकर हत्या कर देने की धमकी देने लगा। ग्राहक बनकर आए अपराधियों ने दुकान से करीब तीन लाख कीमत के सोने के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए। दुकानदार से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला। दुकानदार बालाजी ने बताया कि घटना को लेकर सकरा थाना में अज्ञात दो अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
वहीं, एसडीपीओ पूर्वी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आभूषण दुकान से लूट की घटना हुई है। पुलिस आसपास में लगे कैमरे के फुटेज को देख रही है। घटना की छानबीन कर संदिग्ध अपराधियों के ठिकाने पर पुलिस टीम ने छापेमारी भी की है। दुकानदार के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।


