
अनंत चतुर्दशी आज, सुबह 8:35 से दोपहर 3:10 तक शुभ मुहूर्त
अनंत चतुर्दशी शनिवार को मनाया जाएगा, जब भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। इस व्रत से संकटों से मुक्ति मिलती है और पुण्य का क्षय नहीं होता। पांडवों ने भी इस व्रत को संकट से मुक्ति के लिए किया था।...
मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। अनंत चतुर्दशी शनिवार को मनाया जाएगा। ज्योतिष पंडित प्रभात मिश्र ने बताया कि अनंत चतुर्दशी व्रत के पुण्य का क्षय नहीं होता है। अनंत चतुर्दशी के दिन शयन कर रहे भगवान विष्णु का पूजन किया जाता है। माना जाता है कि इस दिन व्रत रखने से मिलनेवाला पुण्य कभी समाप्त नहीं होता है। इस व्रत से सभी संकटों से मुक्ति मिल जाती है। प्रभात मिश्र ने बताया कि सुबह 8:35 से दोपहर 3:10 तक पूजा का शुभ मुहूर्त है। मान्यता है कि जब पांडव जुए में अपना सब कुछ हारकर वन में भटक रहे थे तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें अनंत चतुर्दशी का व्रत रखने की सलाह दी थी।

उन्होंने पूरे विधि-विधान से यह व्रत किया और अनंत सूत्र बांधा था। इसके बाद उनके संकट समाप्त हुए थे। पूजन के बाद इस दिन अनंत सूत्र बांधने की भी परंपरा है। कहा जाता है कि अनंत सूत्र धारण करने से हर तरह की मुसीबतों से रक्षा होती है। मंदिरों में सुनेंगे अनंत चतुर्दशी व्रत कथा हरिसभा चौक स्थित मुरली मनोहर राधे कृष्ण मंदिर में शनिवार की सुबह से ही व्रतियों का तांता लगेगा। मंदिर के पुजारी पंडित रवि झा ने बताया कि व्रती कथा सुनने के लिए सुबह नौ बजे से आना शुरू कर देंगे। इस पूजा में आचार्य व पंडितों द्वारा सामूहिक रूप से पूजा की जाती है। भगवान का क्षीर सागर मंथन कराकर पंचामृत में स्नान करा भक्तों में प्रसाद का वितरण किया जायेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




