Muzaffarpur News: एसकेएमसीएच: डेंटल ओपीडी में ऑपरेशन के मांगे 10 हजार, वीडियो वायरल
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच की डेंटल ओपीडी-11 में मरीज से 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है। सीतामढ़ी के सुजीत कुमार का दावा है कि ऑपरेशन कराने के लिए पैसे की मांग की गई। ये घटना एक वायरल वीडियो में कैद हुई है, जिसे डेंटल विभागाध्यक्ष को जांच के लिए सौंपा गया है।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। एसकेएमसीएच की डेंटल ओपीडी-11 में जबड़े के ऑपरेशन के नाम पर मरीज से 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो गुरुवार का बताया जा रहा है।
मामले का विवरण
बताया गया है कि सीतामढ़ी के कमलदह निवासी रामबली सिंह के पुत्र सुजीत कुमार दांत में परेशानी को लेकर एसकेएमसीएच की डेंटल ओपीडी में पहुंचे थे। वहां मौजूद महिला चिकित्सक ने जबड़े में खराबी बताते हुए ऑपरेशन कर तार लगाने की बात कही। मरीज का आरोप है कि पहले यह सुविधा एसकेएमसीएच में नहीं होने की बात कही गई, फिर 10 हजार रुपये देने पर यहीं सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई। वायरल वीडियो में महिला चिकित्सक ओपीडी में बैठकर 10 हजार खर्च की बात कहते हुए दिख रहीं हैं।
जांच की प्रक्रिया
पीड़ित सुजीत ने हिडन कैमरे से बना वीडियो अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद को सौंपा है। अधीक्षक ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने डेंटल विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पांशु से स्पष्टीकरण मांगा है। कहा कि विभाग में किसी भी लापरवाही के लिए विभागाध्यक्ष जिम्मेदार होंगे। जांच में दोषी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


