पीजी में एलएस कॉलेज के इतिहास के सभी छात्र फेल
बीआरए बिहार विवि के पीजी थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा में एलएस कॉलेज के इतिहास के सभी छात्र फेल हो गये। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों में हड़कंप मच गया। थर्ड सेमेस्टर के चारों पेपर में छात्रों को फेल...
बीआरए बिहार विवि के पीजी थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा में एलएस कॉलेज के इतिहास के सभी छात्र फेल हो गये। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों में हड़कंप मच गया। थर्ड सेमेस्टर के चारों पेपर में छात्रों को फेल बताया गया। इसके बाद छात्र कॉलेज से विवि तक दौड़ लगाने लगे।
दरअसल, कॉलेज की ओर से समय से आंतरिक परीक्षा का अंक देर से भेजे जाने के कारण यह स्थिति बनी। विवि की ओर से चारों पेपर के आंतरिक मूल्यांकन का अंक चढ़ाये बिना ही रिजल्ट जारी कर दिया गया। इसके कारण छात्रों को फेल बताया जा रहा है। एलस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ओपी राय ने कहा कि आंतरिक मूल्यांकन का अंक क्यों नहीं चढ़ाया गया, इसका पता लगाया जा रहा है।
हालांकि, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओपी रमण का कहना है कि आंतरिक मूल्यांकन का अंक चढ़ने के बाद रिजल्ट में सुधार किया जाएगा। विवि की ओर से पीजी (सत्र 2016-18) थर्ड सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं की परीक्षा तीन महीना पहले हुई थी। थ्यौरी परीक्षा के बाद आंतरिक मूल्यांकन का अंक कॉलेज से विवि को भेजना होता है। छात्र जदयू के ठाकुर प्रिंस ने कहा कि रिजल्ट जारी करने से पहले सभी बिन्दुओं को देखा जाना चाहिए।
पीजी कॉमर्स के छात्रों का रिजल्ट पेंडिंग: आरडीएस कॉलेज के पीजी कॉमर्स के छात्रों का रिजल्ट पेंडिंग हो गया है। छात्रों के 10वें पेपर में गड़बड़ी है। छात्रों ने कहा कि 10वें पेपर में थ्योरी व प्रैक्टिकल के अंक को अलग नहीं किये जाने से रिजल्ट पेंडिंग हो गया है।