इसरो में भाग लेने के लिए 200 बच्चों को मिली गणित व विज्ञान की ट्रेनिंग
इसरो और गणित विज्ञान ओलंपियाड में भाग लेने को बच्चों को शुक्रवार को गणित और विज्ञान की ट्रेनिंग देने की शुरुआत की गई। राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के...

मुजफ्फरपुर। प्रमुख संवाददाता
इसरो और गणित विज्ञान ओलंपियाड में भाग लेने को बच्चों को शुक्रवार को गणित और विज्ञान की ट्रेनिंग देने की शुरुआत की गई। राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत इस दो दिवसीय कार्यशाला के पहले दिन विभिन्न स्कूलों के 200 बच्चे शामिल हुए।
एलएस कॉलेज सभागार में बिहार शिक्षा परियोजना (बीईपी) की ओर से शुरू हुई कार्यशाला में डीईओ अजय कुमार सिंह ने कहा कि बच्चे इसके माध्यम से गणित और विज्ञान में आगे बढ़ सकेंगे। एलएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने कहा शिक्षा के क्षेत्र में गणित का अत्यधिक महत्व है। वर्तमान समय में गणित को विद्यालय के पाठ्य विषयों में विशेष स्थान प्रदान किया गया है। यह जीवन के विभिन्न कार्यों को सीखने और करने में सहायता करता है।
आडीएस कॉलेज की प्राचार्य प्रो. अमिता शर्मा ने कहा कि भारत प्राचीन काल से ही गणित और विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों के लिए जाना जाता है। गणित और विज्ञान अध्यापन सुनिश्चित करने से ही किसी राष्ट्र की सार्वभौमिक प्रगति हो सकती है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कन्हैया ठाकुर ने किया। मौके पर प्रो. सीएस प्रसाद, डॉ. विजय कुमार, डॉ. ललित किशोर, डॉ. नवीन कुमार समेत अन्य लोग शामिल हुए। इसमें गणित-विज्ञान विषय को 6-12वीं के छात्रों के लिए और रुचिकर बनाने व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने पर विचार विमर्श किया गया।
