Muzaffarpur News: कुत्ते की पूंछ में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने में किशोर झुलसा
Muzaffarpur News: गोरौल में एक 13 साल का किशोर कुत्ते की पूंछ पर पेट्रोल छिड़कने के दौरान गंभीर रूप से झुलस गया। आरोप है कि पड़ोसी किशोर ने जान-बूझकर पेट्रोल छिड़का। आग लगने के बाद परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Muzaffarpur News: गोरौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। थाना क्षेत्र के इनायतनगर (गोरौल चौक) के समीप रविवार की रात कुत्ते की पूंछ में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने में 13 साल का किशोर झुलस गया। घटना के बाद आरोपित किशोर भाग गया। दोनों पड़ोसी बताए जा रहे हैं। गंभीर हालत में परिजनों ने सुरेश मांझी के पुत्र नीरज कुमार को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने पड़ोस के ही देवेंद्र मांझी के पुत्र पर जान-बूझकर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का आरोप लगाया है।ग्रामीणों का कहना है कि एक किशोर कुत्ते की पूंछ पर पेट्रोल छिड़क रहा था।
इस दौरान नीरज भी वहां पहुंच गया। उसके शरीर पर भी पेट्रोल छिड़का चला गया। माचिस जलाने के दौरान कुत्ता वहां से भाग गया। इस बीच नीरज के शरीर पर माचिस की तिल्ली चली गई, जिसके बाद आग लग गई। आनन-फानन में परिजन किशोर को लेकर गोरौल थाना पहुंचे। पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।इधर, थानेदार सुनील कुमार ने बताया कि किशोर का इलाज चल रहा है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।

