Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur receives 853 crore CM Nitish inspects the Bakhri Chandni Chowk four lane project
मुजफ्फरपुर को 853 करोड़ की सौगात; CM नीतीश ने बखरी-चांदनी चौक फोरलेन का जायजा लिया

मुजफ्फरपुर को 853 करोड़ की सौगात; CM नीतीश ने बखरी-चांदनी चौक फोरलेन का जायजा लिया

संक्षेप:

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान मुजफ्फरपुर में 853 करोड़ की 172 योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास व कार्यारंभ किया। उन्होंने फोरलेन और सड़क चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। जनसंवाद में विकास, रोजगार, उद्योग और महिलाओं के सशक्तिकरण पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

Jan 23, 2026 06:45 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में शुक्रवार को मुजफ्फरपुर जिले का दौरा किया और जिले में चल रही व प्रस्तावित विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मुशहरी प्रखंड अंतर्गत चांदनी चौक (एनएच-28) से बरखी पथ (एनएच-57) तक सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि अब तक करीब 15 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और निर्धारित समय के भीतर परियोजना को पूरा कर लिया जाएगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इससे पहले मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादन बाजार समिति, अहियापुर के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर जिले के लिए 853 करोड़ रुपये की लागत से 172 योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और कार्यारंभ किया। इनमें 212 करोड़ रुपये की 47 योजनाओं का उद्घाटन, 194 करोड़ रुपये की 89 योजनाओं का शिलान्यास और 447 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का कार्यारंभ शामिल है।

समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से मुजफ्फरपुर पहुंचे और बखरी मोड़ स्थित कैंप कार्यालय में रुककर निर्माणाधीन बखरी-चांदनी चौक फोरलेन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि फोरलेन का 20 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। इसके बन जाने से शहर के अंदर के ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी और बैरिया, दरभंगा व सीतामढ़ी की ओर जाने वाले वाहनों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

बाजार समिति परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नवंबर 2005 के बाद राज्य से भय, भूख और भ्रष्टाचार का माहौल समाप्त हुआ है। आधारभूत संरचनाओं को मजबूत कर विकास की नींव रखी गई है। अब सात निश्चय-3 के तहत मुजफ्फरपुर का सर्वांगीण विकास किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग, पर्यटन और खेल के क्षेत्र में नई योजनाओं की घोषणा की। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी सहित कई मंत्री, विधायक और विधान पार्षद मौजूद रहे।