
मुजफ्फरपुर में मौत पर सियासत गरम, DM ने अफवाहें खारिज कीं, चिराग ने रिपोर्ट ही झुठलाई
संक्षेप: Bihar Chunav 2025: गायघाट विधानसभा की एक मौत ने बिहार की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है। पहले प्रशासन मौत की खबरों को सियासत से अलग बताया मगर अब चिराग पासवान ने अपने ट्वीट में इन बातों को झुठला दिया है।
Bihar Chunav 2025: मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट विधानसभा क्षेत्र में हुई एक व्यक्ति की मौत ने अचानक राजनीतिक रंग ले लिया है। शनिवार को इस घटना को लेकर जिले के डीएम कार्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह स्पष्ट किया कि कुछ न्यूज चैनलों द्वारा यह चलाया जा रहा है कि गलत जगह वोट डालने की वजह व्यक्ति को ऐसी सजा मिली है। डीएम कार्यालय की तरफ से ऐसी खबरों को भ्रामक और तथ्यहीन बताया। डीएम की तरफ से स्पष्ट किया गया कि व्यक्ति की मौत को सियासी रंग देना आधारहीन है।

शनिवार को प्रशासन ने साफ कहा कि मृतक की मौत का चुनाव या वोटिंग से कोई संबंध नहीं है। जांच में सामने आया कि विवाद की शुरुआत जलेबी के पेड़ से पत्ता तोड़ने को लेकर हुई थी, जिसमें धक्का-मुक्की के दौरान गिरने से व्यक्ति की मौत हो गई। प्रशासन ने जनता से सत्यापित जानकारी पर विश्वास करने और सोशल मीडिया पर फैल रही गलत बातों से दूर रहने की अपील की। पुलिस ने भी इस मामले को चुनाव से असंबंधित बताया।
चिराग पासवान के ट्वीट से बढ़ी सियासी गर्मी
लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। कुछ ही घंटों बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने ट्वीट कर डीएम की रिपोर्ट को नकार दिया और इसे राजनीतिक हत्या बताया। चिराग ने लिखा कि गायघाट के सखौरा पटसारा गांव में राजद समर्थकों ने शंकर पासवान की हत्या कर दी और यह घटना चुनावी हार की हताशा का नतीजा है। ट्वीट में चिराग पासवान ने इस घटना को जंगलराज की मानसिकता की वापसी बताया और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के सांसद अरुण भारती, वीणा देवी और अन्य पदाधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे हैं, ताकि वास्तविकता का पता लगाया जा सके।





