दाखिल-खारिज को लंबित रखने पर नीतीश सरकार सख्त, बिहार के दो जिलों में DLCR निलंबित

Jun 03, 2025 06:15 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, पटना/मुजफ्फरपुर
share

आरोप पत्र और अनुशंसा के बाद इस मामले की समीक्षा अनुशासनिक प्राधिकार के स्तर पर की गयी। उसके बाद दोनों द्वारा बरती गई शिथिलता को बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रावधानों के भी प्रतिकूल माना गया है।

दाखिल-खारिज को लंबित रखने पर नीतीश सरकार सख्त, बिहार के दो जिलों में DLCR निलंबित

बिहार सरकार ने कार्य में लापरवाही के आरोप में मुजफ्फरपुर के डीसीएलआर पूर्वी संजय कुमार को निलंबित कर दिया है। इससे पहले पश्चिमी डीसीएलआर धीरेंद्र कुमार को भी निलंबित किया गया था। सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार को मुजफ्फरपुर पूर्वी डीसीएलआर के साथ ही बेतिया सदर डीसीएलआर सादिक अख्तर को भी निलंबित किया है।

आदेश के अनुसार, इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यों के निबटारे में शिथिलता बरतने, मुख्य सचिव और विभागीय स्तर पर बार-बार निर्देश देने के बावजूद उनके क्रियाकलापों में सुधार नहीं होने, दाखिल खारिज अपीलवादों को लंबित रखने और ऑफिसियल लॉगिन का उपयोग नहीं कर के अपने निजी लॉगिन से वाद दायर करने संबंधी आरोप लगाए गए हैं। दोनों पदाधिकारियों के कार्य में लापरवाही को देखते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने उन्हें निलंबित कर अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की थी।

आरोप पत्र और अनुशंसा के बाद इस मामले की समीक्षा अनुशासनिक प्राधिकार के स्तर पर की गयी। उसके बाद दोनों द्वारा बरती गयी शिथिलता को बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रावधानों के भी प्रतिकूल माना गया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय मुजफ्फरपुर निर्धारित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह सामान्य प्रशासन विभाग ने डीसीएलआर पश्चिमी को निलंबित किया था, जिनकी जगह पर नये डीसीएलआर ने पदभार ग्रहण किया निलंबित दोनों डीसीएलआर पर गंभीर आरोप थे। इन अधिकारियों पर दाखिल खारिज के खिलाफ दायर याचिका को बड़ी संख्या में लम्बे समय तक लंबित रखने, लगान निर्धारण में अनावायक देरी करने और अपने व्यक्तिगत लॉगइन से कार्यालय का काम निपटाने जैसे गंभीर आरोप थे।

इन दोनों अधिकारियों को डीएम सुब्रत कुमार सेन ने चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण की भी मांग की थी। आदेश के बावजूद कार्य में लापरवाही बरतने के कारण इनके खिलाफ शिकायतों का अंबार लग गया था। आखिरकार सामान्य प्रशासन विभाग ने दोनों अधिकारियों पर तीन दिनों के भीतर कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।