
कटिहार में भजन सुनने जा रही गूंगी लड़की से गैगरेप, मां-बाप को इशारों में बताई आपबीती
कटिहार जिले के प्राणपुर में भजन सुनने जा रही एक गूंगी नाबालिग लड़की को दो युवकों ने उठा लिया और फिर उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़ित बच्ची ने किसी तरह अपने माता-पिता को इशारों में आपबीती बताई।
बिहार के कटिहार जिले में एक गूंगी नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया है। वारदात प्राणपुर प्रखंड के रोशना थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि पीड़ित लड़की अपने घर के पास चल रहे भजन-कीर्तन समारोह में शामिल होने जा रही थी। तभी दो लड़कों ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर गैंगरेप किया।
पीड़िता के माता-पिता के द्वारा अपनी बच्ची को ढूंढते-ढूंढते घटनास्थल पर पहुंचे। वहां, बच्ची की नजर अपने मां-बाप पर पड़ी तो वह उनसे लिपटकर रोने लगी। फिर उसने इशारों-इशारों में आपबीती बताई। यह देखकर घर वाले अवाक रह गए। इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर रोशना थाना पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के सामने भी पीड़िता ने इशारों में अपने साथ हुई हैवानियत के बारे में बताया। रोशना थानाध्यक्ष मासूम कुमारी ने बताया कि पीड़िता के पिता ने लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की निशानदेही पर घटना स्थल पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की। घटना की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम भी भेजी गई।





