सिर में लोहे का कील ठोका, आंख फोड़ने की कोशिश; ढाई साल के बच्चे का इतनी बेरहमी से कत्ल क्यों?
बच्चे के सिर में लोहे का कील ठोका, आंख पर मारा और फिर गला घोंट कर मार दिया। छोटे भाई के जन्म पर आयोजित छठी समारोह से बच्चे को अगवा कर लिया गया था। गोतियारी के विवाद में इस शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

बिहार के भागलपुर में पिता से बदला लेने के लिए ढाई साल के मासूम बच्चे को दर्दनाक मौत दी गयी। बच्चे के सिर में लोहे का कील ठोका, आंख पर मारा और फिर गला घोंट कर मार दिया। छोटे भाई के जन्म पर आयोजित छठी समारोह से बच्चे को अगवा कर लिया गया था। गोतियारी के विवाद में इस शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
जिले के नाथनगर के लालूचक इलाके से मंगलवार देर रात ढाई बजे सोते समय अगवा किए गए ढाई साल के मासूम आदित्य कुमार की बदमाशों ने गला घोंटकर हत्या कर दी। श्रीरामपुर घाट की तरफ गए बच्चे के चाचा ने शव देखा जो काफी फूल गया था। स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। हत्या गोतियारी विवाद में की गई। सूचना पर परिजन वहां पहुंचे और बच्चे की पहचान की। इसके पूर्व घटना को लेकर पीड़ित परिजनों ने बच्चे के अपहरण का आरोप अज्ञात लोगों पर लगाकर इसकी लिखित शिकायत नाथनगर थाने में की थी।
गुमशुदगी का एफआईआर हत्या में तब्दील
मृत बच्चे के पिता पांचू मंडल ने बताया कि उनका गोतिया से पूर्व से झगड़ा चला आ रहा है। नगर डीएसपी-2 राकेश कुमार ने कहा कि पूर्व में बच्चे के अपहरण के संबंध में दर्ज केस को अब हत्या की धाराओं में तब्दील किया जाएगा। एफएसएल और डॉग स्क्वॉयड की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की है।
सिर पर लोहे की कील ठोका, आंख में भी जख्म
अपहरण कर बच्चे की हत्या मामले में प्रथम दृष्टया बच्चे की दाहिनी आंख में जख्म दिखाई दे रहा था। ऐसा लग रहा था कि उसके सिर पर लोहे की कील ठोकी गई हो। हालांकि पुलिस और एफएसएल की प्रारंभिक जांच में उसकी जीभ बाहर देखकर बच्चे की गला घोंटकर हत्या करने की बात सामने आई है। घटनास्थल से एफएसएल और डॉग स्क्वॉयड की टीम ने साक्ष्य इकट्ठे किए हैं। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर घटना की वास्तविक सच्चाई का पता चल जाएगा। घटना में जो लोग भी शामिल होंगे, उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
पिता के साथ सोया था बच्चा
मृतक के पिता पांचू मंडल ने बताया कि उनका गोतिया (पट्टीदार) परिवार से पूर्व से झगड़ा चलता आ रहा है। मृतक बच्चा आदित्य उनका मंझला बेटा था। जिस रात यह घटना घटी, उसी दिन शाम को उनके घर तीसरे बच्चे के जन्म की खुशी में छठी कार्यक्रम का आयोजन था। छोटे से घर में अधिक रिश्तेदारों और मेहमानों के जुटने की वजह से वे अपने मंझले बेटे को लेकर रात को महावीर स्थान सोने चले गए थे। गहरी नींद आने पर किसी उनके बच्चे का सोए अवस्था में अपहरण कर लिया। इस बात का उन्हें पता ही नहीं चला। छठी कार्यक्रम की शाम को गोतिया परिवार से उन्हें धमकी मिली थी। मंगलवार देर रात उनके बच्चे का अपहरण हुआ और बुधवार सुबह उसकी बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर घाट किनारे उसका शव फेंका मिला। इस घटना के बाद मृतक बच्चे के माता-पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

