बिहार में वृद्ध दंपति की हत्या हड़कंप सनसनी, गोहाल में सोते काट दी गरदन; जमीन विवाद या कुछ और?

Sudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

 Bihar Crime News: दोनों घर के पास बने गोहाल में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

बिहार में वृद्ध दंपति की हत्या हड़कंप सनसनी, गोहाल में सोते काट दी गरदन; जमीन विवाद या कुछ और?

Bihar Crime News: बिहार के बाकां में अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध दंपति की तेज धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान कैलाश यादव(70) और उनकी पत्नी समरी देवी(65) के रूप में हुई है। घटना बांका थाना क्षेत्र के प्रभावती नगर, बसंतपुर गांव में गुरुवार की रात की है। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया है। एफएसएल की टीम और डॉग स्कॉयड की मदद से छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि पति और पत्नी दोनों घर के पास बने गोहाल में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। शुक्रवार को जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक दंपति का कुछ लोगों के साथ पहले से भू विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ अमर विश्वास और बांका थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी बुलाया है ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस इनकी कड़ियां जोड़ रही है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक कैलाश यादव गांव में मुर्गी पालन कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनका एक पुत्र शिबू यादव है, जो गांव में ही राजमिस्त्री का काम करता है। इसके अलावा मृतक की चार पुत्रियां हैं, जिनका विवाह हो चुका है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि वारदात को अंजाम देने में एक से अधिक लोग शामिल थे।

रोड किनारे थी जमीन

समरी देवी के नाम से कटोरिया के बहादिया गांव स्थित उनके मायके में सड़क किनारे करीब 16 कट्ठा जमीन थी। ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि भूमि को लेकर किसी तरह का विवाद चल रहा था। हालांकि अभी तक हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ अमर विश्वास और बांका थानाध्यक्ष सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

4 से 5 अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया

शांत माने जाने वाले इस गांव में इस तरह की वारदात ने लोगों को सहमा दिया है। स्थानीय लोगों के दबी आवाज़ के अनुसार, कैलाश यादव और उनकी पत्नी समरी देवी बेहद साधारण जीवन जीते थे। वे अपने छोटे से मुर्गी फार्म के सहारे गुजर-बसर करते थे और मुर्गी फार्म के बगल में ही एक झोपड़ी में जीवन यापन करते थे। गांव में उनकी छवि एक शांत और मेहनती दंपति के रूप में थी। लेकिन उनके पास मौजूद जमीन ही शायद उनकी जान की दुश्मन बन गई।बताया जा रहा है कि, समरी देवी के नाम पर कटोरिया थाना क्षेत्र के बहदिया गांव स्थित उनके मायके में सड़क किनारे करीब 16 कट्ठा जमीन थी। यह जमीन काफी कीमती मानी जा रही है। हाल ही में दंपति ने उस जमीन में से करीब दो कट्ठा जमीन की बिक्री भी की थी। इसी जमीन को लेकर कुछ लोगों की नजरें पहले से ही टिकी हुई थीं। आशंका जताई जा रही है कि जमीन के इसी विवाद और लालच ने इस दोहरे हत्याकांड को जन्म दिया। गुरुवार की देर रात जब पूरा गांव गहरी नींद में था, उसी समय बदमाशों ने साजिश को अंजाम दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 4 से 5 अपराधियों के इस घटना में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।