धूप निकली तो बदला मौसम का मिजाज, शाम को फिर बढ़ गई कनकनी
रविवार को मुंगेर के मौसम में बदलाव आया, सुबह घने कोहरे के बाद धूप निकली, जिससे लोगों को राहत मिली। हालांकि, शाम होते ही ठंड ने फिर से लोगों को प्रभावित किया। वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ, और न्यूनतम तापमान 8°C तथा अधिकतम 21°C दर्ज किया गया।

मुंगेर, एक संवाददाता। रविवार को मुंगेर के मौसम में कई दिनों बाद स्पष्ट बदलाव देखने को मिला। सुबह घने कोहरे के बाद मौसम में बदलाव आया और धूप निकली, जिससे लोगों को कई दिनों बाद राहत मिली। हल्की पश्चिमी हवाओं के कारण सुबह के समय ठंड और कनकनी का असर बना रहा। सुबह से ही हल्की पश्चिमी हवाओं के साथ मौसम अपेक्षाकृत खुला रहा। दोपहर में खिली धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस की गई, हालांकि चल रही हवाओं ने धूप की तपिश के असर को काफी हद तक कम कर दिया। धूप निकलने से दोपहर और उसके आसपास का मौसम सुहाना बना रहा, जिसका लोगों ने भरपूर आनंद उठाया।
पार्कों, मैदानों, घरों के आंगन और छतों पर लोग खुलकर धूप सेंकते नजर आए। लंबे समय बाद धूप मिलने से लोगों के चेहरे पर राहत साफ झलकी। हालांकि, शाम ढलते ही एक बार फिर ठंड और कनकनी ने लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं, मौसम में सुधार के बावजूद रविवार को मुंगेर की हवा की गुणवत्ता में कोई खास सुधार नहीं हो सका। वायु गुणवत्ता सूचकांक न्यूनतम 178 एवं अधिकतम 213 के स्तर के बीच डोलता रहा। ऐसे में रविवार को भी मुंगेर की वायु गुणवत्ता अस्वस्थ्य से गंभीर श्रेणी में बनी रही, जिससे स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मुंगेर का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हवा की औसत गति लगभग 9 किलोमीटर प्रति घंटा रही। जबकि, पूर्वानुमान के अनुसार आज तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है और दिन भर हल्की पश्चिमी हवाओं के चलने की संभावना है। ऐसे में आज मुंगेर का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। जबकि, हवा की औसत गति लगभग 8 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है। वहीं, आज भी मुंगेर में मौसम के साफ रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को आज भी दिन में ठंड एवं कनकनी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




