
प्रश्नपत्र को लेकर हुए विवाद में छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट
धरहरा के हाई स्कूल साढ़ा में परीक्षा प्रश्न पत्र को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ। पहले कहासुनी और फिर मारपीट में कई छात्र घायल हुए। विद्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने जांच शुरू की है और अभिभावकों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
धरहरा, एक संवाददाता। धरहरा थाना क्षेत्र के हाई स्कूल साढ़ा में गुरुवार को परीक्षा के प्रश्न पत्र को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते झड़प में बदल गया। छात्रों के दो गुटों के बीच हुई जमकर मारपीट में कई छात्र घायल हो गए। जबकि विद्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र को लेकर दशरथी और सारोबाग गांव के छात्रों के बीच पहले कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते लाठी-डंडों व हाथापाई की नौबत आ गई। अचानक हुई इस घटना से स्कूल परिसर के बाहर दहशत फैल गई और अन्य छात्र जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
मारपीट में घायल छात्रों की चीख-पुकार से माहौल और तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह स्थिति को काबू में किया। घायल छात्रों को इलाज के लिए नजदीक के क्लीनिक ले जाया गया। कुछ छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर धरहरा थाना की पुलिस भी विद्यालय पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रीतम कुमार ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, फिर भी पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि विद्यालय परिसर में इस तरह की घटनाएं छात्रों की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। अभिभावकों ने दोषी छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। इधर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य कमरूल हक ने बताया कि विद्यालय परिसर के बाहर घटना घटी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




