गर्मी से पहले ही सूखने लगी उभ्भी नदी, जल संकट की आशंका
बरियारपुर क्षेत्र की उभ्भी नदी गर्मी के आगमन से पहले ही सूखने के कगार पर है। जलस्तर गिरने से स्थानीय लोग और किसान चिंतित हैं। नदी में पानी की कमी के कारण कृषि और दैनिक कार्यों में परेशानी हो रही है। स्थानीय नेता सरकार से संरक्षण और पुनर्जीवन के ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

बरियारपुर, निज संवाददाता। बरियारपुर क्षेत्र की उभ्भी नदी गर्मी की शुरुआत से पहले ही सूखने के कगार पर पहुंच गई है। नदी का जलस्तर लगातार गिरता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई स्थानों पर नदी का निचला तल साफ दिखाई देने लगा है, जबकि कुछ जगहों पर पानी की गहराई एक फीट से भी कम रह गई है। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले महीनों में भीषण जल संकट हो सकता है। जानकारी के अनुसार एक समय ऋषिकुंड से लेकर गंगा नदी तक इस नदी में वर्षभर पानी बहता था। नदी किनारे बसे हजारों परिवार दैनिक कार्यों के लिए इसी पर निर्भर रहते थे।
स्नान, कपड़े धोना, पशुओं को पानी पिलाना और घरेलू उपयोग का अधिकांश पानी इसी नदी से लिया जाता था। आसपास के किसान भी खेतों की सिंचाई के लिए उभ्भी नदी के जल का उपयोग करते थे। अब पानी का बहाव काफी कम हो गया है और नदी का स्वरूप सिमटता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अतिक्रमण और गंदगी ने नदी की स्थिति को और गंभीर बना दिया है। जगह-जगह अवैध कब्जे से नदी की चौड़ाई घट गई है, जिससे जल प्रवाह प्रभावित हुआ है। इसके अलावा नदी में कचरा और गाद जमा होने से भी पानी की मात्रा कम होती जा रही है। नदी के अस्तित्व पर ही खतरा मंडराने लगा है। नदी में पानी कम होने से किसानों को पटवन में परेशानी हो रही है। उन्हें बोरिंग के माध्यम से सिंचाई करनी पड़ रही है, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है। स्थानीय भाजपा नेता विजय सिंह ने कहा कि सरकार को उभ्भी नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। वहीं जदयू नेता शैलेंद्र कुमार सिंह ने पंचायतों में खराब पड़े सरकारी चापानलों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। बीडीओ विशाल आनंद ने कहा कि गर्मी शुरू होने से पहले खराब चापानलों की मरम्मत कराई जाएगी और पेयजल की कमी नहीं होने दी जाएगी। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए नदी के पुनर्जीवन पर विशेष योजना बनाई जानी चाहिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



