Munger News: डीएम और कमिश्नर सचिव ने सुनीं फरियादें, पूजा रानी ने लगाया बैक-डेटेड स्टाम्प बिक्री का गंभीर आरोप

हिन्दुस्तान, मुंगेर
Follow us on Google News
share

Munger News: मुंगेर में आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने शिकायतें सुनीं जिनमें भूमि विवाद, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, धोखाधड़ी, पारिवारिक हिंसा और रास्ते के विवाद शामिल थे। संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

Munger News: डीएम और कमिश्नर सचिव ने सुनीं फरियादें, पूजा रानी ने लगाया बैक-डेटेड स्टाम्प बिक्री का गंभीर आरोप

Munger News: मुंगेर, निज संवाददाता। आम जनता की समस्याओं के ऑन-द-स्पॉट निपटारे को लेकर सोमवार को मुंगेर समाहरणालय और प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी निखिल धनराज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए फरियादियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। इस दौरान भूमि विवाद, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, दाखिल-खारिज और विभागीय लापरवाही से जुड़े दर्जनों मामले सामने आए। डीएम ने सभी आवेदनाओं की गहन जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। ​

बैक-डेटेड स्टाम्प और परिमार्जन में गड़बड़ी की शिकायतः

​जनसुनवाई के दौरान धोखाधड़ी और सरकारी कर्मियों की मनमानी के कुछ बेहद गंभीर मामले भी प्रकाश में आए। बेटवन बाजार (अरगरा रोड) की रहने वाली पूजा रानी ने स्टाम्प विक्रेता बसंत कुमार अग्रवाल पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम को आवेदन देकर कहा कि उक्त वेंडर द्वारा गलत और फर्जी तरीके से 'बैक डेटेड' (पुरानी तारीखों में) स्टाम्प की धड़ल्ले से बिक्री की जा रही है और अपने सरकारी रजिस्टर में भी बड़े पैमाने पर जालसाजी की गई है। आवेदिका ने इस पूरे रैकेट की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। वहीं, संदलपुर के निवासी विश्वनाथ चौरसिया ने सदर अंचल कार्यालय के कर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने शिकायत की कि सदर अंचल के संबंधित कर्मचारी द्वारा उनके परिमार्जन (डिजिटल सुधार) के आवेदन को बिना किसी ठोस वजह के बार-बार रद्द किया जा रहा है, जिससे वे परेशान हैं।

दबंगई और पारिवारिक प्रताड़ना से न्याय की गुहारः

​रास्ते के विवाद और पारिवारिक हिंसा को लेकर भी महिलाएं न्याय की आस में डीएम के पास पहुंचीं। कासिम बाजार (चुआबाग, गली नंबर पांच) की उषा देवी, तारणी चौधरी और राजेश कुमार ने सामूहिक आवेदन देकर शिकायत की कि उनके एक पड़ोसी द्वारा जबरन आम रास्ते को बंद कर दिया गया है, जिससे उनका आवागमन बाधित है। उन्होंने प्रशासन से रास्ता खुलवाने का अनुरोध किया। दूसरी ओर, बरियारपुर (ब्राह्मस्थान) की रूपा कुमारी ने अपने देवर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाते हुए सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई।

प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में भी लगी अदालतः

​सोमवार को ही प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में आयुक्त के सचिव सुधीर कुमार द्वारा भी जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में प्रमंडल के अलग-अलग जिलों से कुल 02 गंभीर मामले आए, जिनमें एक मुंगेर और दूसरा लखीसराय जिले से संबंधित था। ये दोनों ही मामले भूमि विवाद से जुड़े थे। सचिव सुधीर कुमार ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद संबंधित जिलाधिकारियों और राजस्व अधिकारियों को विभागीय नियमों के तहत त्वरित निष्पादन करने तथा जल्द से जल्द कृत कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने का आदेश जारी किया है।

FAQs

जनसुनवाई का आयोजन कब किया गया?
जनसुनवाई का आयोजन सोमवार को किया गया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।