संकल्प-10 हजार योजना के तहत मुंविवि के 9 कर्मियों का सेवाकाल मार्च में खत्म, सेवा विस्तार को लेकर असमंजस
मुंगेर विश्वविद्यालय में संकल्प-10 हजार योजना के तहत कार्यरत 9 कर्मियों का सेवाकाल मार्च के अंत में समाप्त होने वाला है। कर्मियों के सेवा विस्तार पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। पिछले वर्ष इन कर्मियों को सेवा विस्तार दिया गया था, लेकिन वर्तमान में उनके भविष्य को लेकर संशय बना हुआ है।

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय में संकल्प-10 हजार योजना के तहत नियुक्त कर्मियों के भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। विश्वविद्यालय में कार्यरत ऐसे 9 कर्मियों का सेवाकाल मार्च माह के अंत में समाप्त हो जाएगा। हालांकि उन्हें दोबारा सेवा विस्तार मिलेगा या नहीं, इसको लेकर अब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है। जानकारी के अनुसार बिहार सरकार के निर्देशानुसार वर्ष 2021 में संकल्प-10 हजार योजना के तहत विश्वविद्यालय में 12 से अधिक कर्मियों की नियुक्ति की गई थी। इन कर्मियों को विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में तैनात किया गया था। पिछले वर्ष मार्च 2025 में विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन कर्मियों को सेवा विस्तार दिया था, जिससे उनका कार्यकाल आगे बढ़ाया गया।
लेकिन वर्ष 2025 के दौरान इनमें से तीन कर्मियों ने नौकरी छोड़ दी, जिसके बाद वर्तमान में केवल 9 कर्मी ही कार्यरत रह गए हैं।अब इन शेष कर्मियों का कार्यकाल भी मार्च माह के अंत में समाप्त होने वाला है। इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा हाल ही में इन कर्मियों का विश्वविद्यालय मुख्यालय से विभिन्न कॉलेजों में स्थानांतरण कर दिया गया है। इस निर्णय के बाद कर्मियों के बीच यह आशंका बढ़ गई है कि उन्हें दोबारा सेवा विस्तार मिलेगा या नहीं। कर्मियों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से विश्वविद्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और अब सेवा विस्तार को लेकर स्पष्ट निर्णय का इंतजार कर रहे हैं। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में अबतक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, जिससे कर्मियों के बीच संशय बना हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


