दो अलग अलग सड़क हादसे में तीन की मौत

Apr 04, 2026 01:06 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

सहरसा में गुरुवार को दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सदर अस्पताल में इलाज में देरी हुई, जिसके चलते एक घायल की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में हंगामा किया और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दो अलग अलग सड़क हादसे में तीन की मौत

सहरसा, हमारे प्रतिनिधि। जिले में गुरुवार की शाम हुए दो अलग - अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद सदर अस्पताल में इलाज में कथित देरी को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। इस घटना ने एक बार फिर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार बनगांव थाना क्षेत्र के सरारी टोला पश्चिम के समीप शाम करीब 7 बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो अलग - अलग बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले बरियाही स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया था।परिजनों का आरोप है कि सदर अस्पताल पहुंचने के बाद घायलों को समय पर उचित इलाज नहीं मिला। बताया जाता है कि करीब साढ़े सात बजे अस्पताल पहुंचे घायलों में से एक सौरभ कुमार की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन समय पर इलाज नहीं होने के कारण रात करीब 8:30 बजे उसकी मौत हो गई। सौरभ की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भड़क उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ भी की और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। दूसरी ओर इसी हादसे में घायल विजय यादव को बेहतर इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां रात करीब साढ़े 10 बजे उनकी भी मौत हो गई। वहीं तीसरे घायल आनंद मिश्रा का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इधर देर रात सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में घायल एक अज्ञात व्यक्ति की भी मौत हो गई। हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। मृतकों में बनगांव थाना क्षेत्र के चैनपुर पंचायत, ढोली वार्ड 16 निवासी 45 वर्षीय विजय यादव और नगर पंचायत वार्ड 17 निवासी अजय रजक के 18 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार शामिल हैं। सौरभ अपने परिवार में सबसे बड़े थे और सिमरी बख्तियारपुर आईटीआई कॉलेज के छात्र थे। घटना के समय वह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से घूमने निकले थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। इस हादसे में शिवम कुमार और आनंद मिश्रा भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।विजय यादव पेशे से राजमिस्त्री थे और अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि समय पर उचित इलाज मिलता तो शायद जान बचाई जा सकती थी। लोगों ने दोषी स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।