कंतपुर की निजी शिक्षिका ओम भारती की सड़क हादसे में मौत, शव पहुंचते ही मचा कोहराम
मुंगेर के कंतपुर नौवागढ़ी दक्षिणी पंचायत की 25 वर्षीय शिक्षिका ओम भारती की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार और गांव में शोक की लहर है। मुखिया ने पीड़ित परिवार को सहायता राशि और सरकारी मदद का भरोसा दिया।

मुंगेर, निज प्रतिनिधि। जिले के कंतपुर नौवागढ़ी दक्षिणी पंचायत निवासी जय सिंह की 25 वर्षीय पुत्री एवं निजी शिक्षिका ओम भारती की मंगलवार शाम चार बजे पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। ओम भारती का शव पटना से कंतपुर लाया गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप व भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों ने बताया कि 27 अप्रैल को दोपहर 12 बजे ओम भारती सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें पहले मुंगेर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया।
पटना में करीब एक सप्ताह तक जिंदगी-मौत से जूझने के बाद मंगलवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत के बाद मुंगेर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। ओम भारती गांव के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपने परिवार का सहारा बनी हुई थीं। उनकी असामयिक मौत से शिक्षा जगत में भी शोक की लहर है।सूचना पर मुखिया प्रमिला देवी व पूर्व मुखिया रविंद्र मंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 3000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की। मुखिया ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को अन्य सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि ओम भारती परिवार की इकलौती कमाऊ सदस्य थीं। पंचायत प्रतिनिधियों ने अंतिम संस्कार में सहयोग किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


