Munger News: पीछे से टूरिस्ट बस ने मारी टक्कर, पांच घायल
Munger News: मुंगेर में सुल्तानगंज से गंगाजल उठाकर देवघर जा रहे कांवरियों का जत्था सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। तेज रफ्तार ट्रैवलर बस ने पिकअप को टक्कर मार दी, जिससे पांच कांवरिया घायल हो गए, जिनमें दो की स्थिति गंभीर है। सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Munger News: मुंगेर, निज संवाददाता। सुल्तानगंज से गंगाजल उठाकर देवघर जाने के लिए निकले कांवरियों का जत्था रविवार अहले सुबह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बोचाही के समीप सड़क हादसे का शिकार हो गया। सुबह करीब 4 बजे सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन में पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पिकअप सवार पांच कांवरिया घायल हो गए, जिनमें दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 24 घंटे मुस्तैद यातायात थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। वहीं, मुफस्सिल थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रैवलर बस को जब्त कर लिया है, जबकि चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार होने में सफल रहा।
चाय पीने के बाद जैसे ही पिकअप में बैठे, आ गई मौत की रफ्तार:
कांवरिया लोकेश यादववंशी ने बताया कि दरभंगा जिले से कांवरियों का दल पिकअप से सुल्तानगंज जा रहा था, ताकि सोमवार को बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया जा सके। बोचाही के समीप चाय पीने के लिए वाहन रोका गया था। चाय पीकर जैसे ही सभी सुल्तानगंज के लिए निकलने लगे, तभी पीछे से आई अनियंत्रित टूरिस्ट बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दरभंगा के भवनपुरा निवासी छट्टु शर्मा (60), राम लखन यादव (50), सोबीत यादव (60), बजरनाथ यादव (46) और मुजफ्फरपुर के रामोली निवासी भुवनेश्वर शर्मा (65) घायल हुए हैं।
लापरवाही: एक्स-रे के लिए 1.5 घंटे तड़पते रहे घायल, यातायात पुलिस बनी सहाराः
अस्पताल पहुंचने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था की भारी लाचारी देखने को मिली। डॉक्टरों की सलाह पर घायल सुबह 5:30 बजे एक्स-रे कराने पहुंचे, लेकिन वहां कोई कर्मी मौजूद नहीं था। मरीज सुबह 7 बजे तक प्रचंड गर्मी में तड़पते रहे और कई बार फोन करने के बाद भी एक्स-रे टेक्नीशियन उपलब्ध नहीं हुआ। इसके अलावा अस्पताल में चतुर्थवर्गीय कर्मियों की कमी के कारण यातायात पुलिसकर्मियों और परिजनों को खुद स्ट्रेचर खींचकर घायलों को इमरजेंसी तक पहुंचाना पड़ा। यातायात डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि घायलों का इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है और पीएम राहत योजना के तहत उनका पूरा इलाज निःशुल्क कराया जाएगा।


