
प्रवेश की अनुमति मिलते ही पर्यटकों से गुलजार होने लगा भीम बांध
केजीपी- 21 वन विभाग द्वारा प्रवेश के अनुमति के बाद सोमवार को भीम बांध पर्यटक स्थल का भ्रमण करते भागलपुर आनंद राम ढांढनिया के छात्राएं
हवेली खड़गपुर, निज संवाददाता। मुंगेर और जमुई जिले की सीमा पर स्थित भीमबांध वन्यजीव अभयारण्य इन दिनों वन विभाग की ओर से सैलानियों के लिए दिसंबर माह में प्रवेश पर अनुमति के बाद पर्यटकों की आमद से गुलजार होने लगा है। सर्दियों का मौसम शुरू होते ही यहां सैलानियों की संख्या में भारी वृद्धि देखी जा रही है, जिसका मुख्य कारण यहां के प्राकृतिक सौंदर्य और गर्म पानी के झरने हैं। भीषण ठंड के बावजूद कुंडों का पानी गर्म रहता है, जो पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण है। इधर, वन विभाग द्वारा नव वर्ष के अवसर पर विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिसमें सुरक्षा के लिए पुलिस और वन विभाग कर्मी की तैनाती शामिल है।

आसान पहुंच हाल के वर्षों में सड़कों के निर्माण से पर्यटकों के लिए यहां तक पहुंचना अब काफी आसान हो गया है। एक दिसंबर से पर्यटन सत्र की शुरुआत हो चुका है, जिसमें प्लास्टिक पर प्रतिबंध और प्रवेश शुल्क लागू किया गया है। भीमबांध अपनी प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों और महाभारत काल से जुड़ी किंवदंतियों के कारण मुंगेर, जमुई, बांका, लखीसराय और भागलपुर सहित आसपास के कई जिलों के लोगों के लिए एक पसंदीदा पिकनिक और पर्यटन स्थल बना हुआ है। सोमवार को भी भागलपुर के आनंद राम ढांढनिया सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र छात्राओं का जत्था भीम बांध पहुंचा। बच्चों के साथ शिक्षकों ने भी वन विभाग के नियमों का पालन किया। आनंद राम से आई छात्रा अनुष्का आर्या ,शांति प्रिया, अनामिका कुमारी, अनुष्का इंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, प्राचार्य सुमंत कुमार आचार्य प्रेमजीत एडिशन, अंजू श्री, रश्मि पाठक, कुंदन कुमार, प्रशांत कुमार आदि ने बताया कि घने जंगलों के बीच सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक इंतजाम वन विभाग द्वारा कराया जाना पर्यटकों के सुरक्षा दृष्टिकोण से काफी ही लाभदायक है। यहां आकर वन भोज का आनंद लिया एवं पिकनिक स्थल का भ्रमण कर बहुत ही अच्छा लगा। यहां बार-बार सर्दियों में आने का मन करता है। लगभग साढ़े तीन घंटा की यात्रा करने के बाद भागलपुर से हम लोग भीम बांध पहुंचे। जहां वन विभाग के कर्मियों के दिशा निर्देश के बाद वन भोज सहित पर्यटक स्थल का आनंद लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




