धरहरा।
धरहरा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी किसान बगोरी सिंह अपहरण मामले का दस दिन बीत जाने के बाद भी कोई पता नहीं चलने पर ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ खासी नाराज़गी है। कई राजनीतिक दलों ने आंदोलन का मूड बना लिया है।
समय रहते पुलिस कांड का खुलासा नहीं करती है। तो उन्हें जन आंदोलन का सामना करना पड़ सकता है। इस संबंध में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने डीआईजी से घटना की जांच अपने देखरेख में कराने की मांग किया। वहीं स्थानीय ग्रामीण पुलिस पर अपराधियों के गिरफ्तारी को लेकर लगातार दबाव बना रही है। हालांकि पुलिस मामले के खुलासे को लेकर लगातार प्रयास कर रही है। इसके बावजूद लोगों में पुलिस कार्रवाई पर असंतोष की भावना है।
वहीं पंचायत के पूर्व मुखिया पूर्वेद्र नारायण सिंह ने लोगों को धैर्य से काम लेकर पुलिस प्रशासन को सहयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि अपराधियों का कोई जाति नहीं होती है। समाजिक सौहार्द बनाए रखने की जरूरत है। उन्हें कानून व्यवस्था पर पूरा विश्वास है अपहृत किसान एवं उनके परिजनों को न्याय मिलेगा। शीर्षस्थ अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं।थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि अपराधियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।