ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार मुंगेरमातम में बदल गयी पर्व की खुशियां

मातम में बदल गयी पर्व की खुशियां

करंट से किसान की मौत : संग्रामपुर में महापर्व छठ की खुशी मातम में बदल गयी। गुरुवार को जनकपुर गांव में करंट लगने से किसान जालो यादव के पुत्र सत्यनारायण यादव की मौत हो गई। घर में छठ पर्व की तैयारी चल...

मातम में बदल गयी पर्व की खुशियां
हिन्दुस्तान टीम,मुंगेरFri, 01 Nov 2019 12:03 AM
ऐप पर पढ़ें

करंट से किसान की मौत : संग्रामपुर में महापर्व छठ की खुशी मातम में बदल गयी। गुरुवार को जनकपुर गांव में करंट लगने से किसान जालो यादव के पुत्र सत्यनारायण यादव की मौत हो गई। घर में छठ पर्व की तैयारी चल रही थी। गुरुवार को नहाय-खाय को लेकर सभी व्यस्त थे। बिजली तार में खराबी आने पर वह ठीक कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लगा और बेहोश हो गया। परिजन उसे एक निजी चिकित्सक के पास ले गये। लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और पुत्र छोड़ गया है। पति के शव के पास पत्नी रो रही थी। उसे बच्चे के परवरिश की चिंता सता रही थी। गांव के लोग भी सत्यनारायण यादव की मौत से गमगीन थे। ग्रामीणों ने बताया कि सत्यनारायण यादव घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। वह खेती कर परिवार का भरण पोषण करता था।

जमालपुर में डेंगू से छात्रा की मौत : गुरुवार को ईस्ट कालोनी थानाक्षेत्र में डेंगू से पीड़ित 20 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। इससे पहले भी सदर बाजार निवासी रामेश्वर दास के 24 वर्षीय पुत्र सुशील कुमार की मौत डेंगू से इलाज के दौरान हो गई थी। बद्दीपाड़ा निवासी अमरचंद मालकार की 20 वर्षीय पुत्री दीपाली कुमारी की तबीयत बुधवार की रात्रि अचानक खराब हो गई। परिजन स्थानीय लोगों की मदद से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंन्द्र ले गए। चिकित्सकों ने दीपाली की हालत गंभीर देख उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। दीपाली के पिता अमरचंद मालकार ने बताया कि सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने दीपाली को डेंगू हो जाने की बात कह भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन मायागंज जाने के क्रम में ही रास्ते में ही दीपाली ने दम तोड़ दिया।

सड़क हादसे में महिला की मौत : गुरुवार को हवेली खड़गपुर- बरियारपुर मुख्य मार्ग के शामपुर के निकट बाइक दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बढ़ौना पंचायत के लक्ष्मीपुर गांव निवासी अशोक यादव की 42 वर्षीय पत्नी साक्षी देवी बाइक पर सवार होकर मुंगेर से अपने घर वापस लौट रही थी। तभी शामपुर के समीप साइकिल सवार को बचाने के क्रम में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गया और बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। जबकि बाइक चला रहे शिवपुर लौगांय निवासी चंदन कुमार भी जख्मी हो गया। गंभीर रूप से जख्मी महिला को इलाज के लिए आनन-फानन में आसपास के लोगों के द्वारा मुंगेर ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान जख्मी महिला की मौत हो गई। जख्मी चंदन का इलाज किया गया।

सांप के काटने से बालक की मौत : मुंगेर। गुरुवार की शाम सांप काटने से एक बालक की मौत ही गयी। दशरथपुर के पचरुकी निवासी शम्भू मांझी का 12 वर्षीय निरंजन शाम को खेत गया था जहां विषैले सांप ने उसे डस लिया। परिजनों ने बालक को झाड़ फूंक करने ओझा के पास ले गए। स्थिति में सुधार नहीं होने के बाद परिजनों ने बालक को सदर अस्पताल लाया। लेकिन तबतक काफी देर हो चुकी थी। इलाज के दौरान बालक की मौत हो गयी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें