Munger News: उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए सम्मानित किए गये शिक्षक
Munger News: शिक्षक दिवस के अवसर पर टेटियाबंबर में एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राधाकृष्णन के योगदान पर चर्चा की गई। बीडीओ निशा राय ने शिक्षकों के साथ केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया और शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

Munger News: टेटियाबंबर, एक संवाददाता। शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रखंड संसाधन केंद्र, टेटिया बंबर में उत्कृष्ट एवं समर्पित शिक्षकों के सम्मान में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से किया गया। पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस दौरान शिक्षक दिवस के उद्देश्य और डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा में योगदान पर चर्चा की गई। बीडीओ सह बीईओ निशा राय ने शिक्षकों के साथ केक काटकर शिक्षक दिवस उत्सव मनाया। समारोह में प्रखंड क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार और विद्यार्थियों के हित में सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला शिक्षिकाओं को भी सम्मान देकर उनके योगदान की सराहना की गई। इस मौके पर बीडीओ सह बीईओ निशा राय ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र और समाज के भविष्य के निर्माता होते हैं। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें सही दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि जीवन के लिए मार्गदर्शन और संस्कार भी देते हैं। कार्यक्रम में शिक्षक सज्जन कुमार, सुमन कुमार, समित मानकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।-----------------------


