Munger News: जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस

हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

Munger News: मुंगेर में शनिवार को शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षा एवं संस्कार का महत्व बताया और सभी ने उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।

Munger News: जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस

Munger News: मुंगेर, निज संवाददाता। शनिवार को शिक्षक दिवस जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। पीपलपांति रोड स्थित न्यू एरा पब्लिक स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। विद्यालय निदेशक शरद सिंह, प्राचार्या एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम की देखरेख प्राचार्या ने की। निदेशक, प्राचार्या और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने गुरु की महिमा पर आधारित गीत प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। वक्ताओं ने शिक्षक को ज्ञान का सागर बताते हुए कहा कि शिक्षक पारस के समान होते हैं, जिनके मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। विद्यालय के निदेशक, प्राचार्या एवं शिक्षकों ने गुरु-शिष्य परंपरा की महिमा बतायी। उन्होंने शिक्षक की तुलना योग्य कुम्हार से करते हुए कहा कि जिस प्रकार कुम्हार मिट्टी को आकार देकर सुंदर घड़ा बनाता है, उसी प्रकार शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को संस्कार और ज्ञान से गढ़ता है.

शिक्षक दिवस पर शिवम शिशु विकास विद्यालय में हुए कार्यक्रम

मुंगेर फोटो 13- शिवम शिशु विकास विद्यालय में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित करते शिक्षक एवं छात्र

शिक्षक दिवस पर शिवम शिशु विकास विद्यालय में हुए कार्यक्रम

मुंगेर। शिवम शिशु विकास विद्यालय, सन्दलपुर में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की निदेशिका भारती सिन्हा ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या सोनम कुमारी ने शिक्षकों के योगदान और विद्यार्थियों के जीवन में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व से अवगत कराया तथा शिक्षा और संस्कार के प्रति जागरूक किया। समारोह में शिक्षक राज भारती, गुरुदयाल, विकास कुमार सिन्हा, राजकुमार वीर, रजनी सिन्हा, सुहानी, प्रिया और निशा कुमारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

डॉ. राधाकृष्णन को याद कर मनाया शिक्षक दिवस

असरगंज, निज संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों में धूमधाम से मनाई गई। प्रखंड मुख्यालय स्थित कृष्णानंद मेमोरियल एकेडमी, रहमतपुर में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य विनीत कुमार सिंह, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं केक काटकर किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों को कलम व डायरी भेंट कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य विनीत कुमार सिंह ने डॉ. राधाकृष्णन की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की। छात्र-छात्राओं ने भाषण, नृत्य, संगीत, झांकी सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम की सफलता में कुमारी मधु, ज्योति कुमारी, अन्नपूर्णा कुमारी, सुनील सिंह, सर्वेश कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

एसडी संत मेरी स्कूल जमालपुर में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस

जमालपुर, निज प्रतिनिधि। एसडी संत मेरी स्कूल जमालपुर में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रेम कुमार प्रसाद (कल्याण संघ भारतीय जीवन बीमा क्षेत्रीय अध्यक्ष), प्रधानाचार्या पुष्पा कुमारी, उप प्राचार्य अमरजीत कुमार, कुमारी प्रीति तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं अभिलाषा, नाज, रेशमी, मोनू, काजल, ब्यूटी, नेहा, अक्षत, प्रियांशु, अरविंद, आदित्य, मेघा, सोनालिका, दीपक, सोनी, रीता एवं नीतू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। प्राचार्या पुष्पा कुमारी ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ जीवन में सही दिशा और बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देते हैं। समारोह में 250 से अधिक बच्चों ने नृत्य, गीत, कविता पाठ, राधा-कृष्ण नृत्य सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। यूकेजी के बच्चों ने मेरी दुनिया तू ही रे पर मनमोहक प्रस्तुति दी। मैं तो रास्ते से जा रहा था, दिल है छोटा सा, छोटी सी आशा नाच मेरी जान और करंट लगा रे सहित प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में आराध्या कुमारी, प्रीति कुमारी, अल्फातिमा, अंबया अफजा एवं रोहित कुमार को पुरस्कृत किया गया.

विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां, मंच पर साकार हुए भारतीय संस्कृति के विविध रंग

जमालपुर, निज प्रतिनिधि। कोलिन्स इंटरनेशनल स्कूल जमालपुर में आयोजित तीन दिवसीय शिक्षक दिवस समारोह का शनिवार को कक्षा सात से 10वीं तक के विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत कर समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थापक उमेश प्रसाद सिंह, निदेशक पंकज सिंह, प्राचार्य राकेश कुमार सिंह, उपप्राचार्य सूरज जयसवाल एवं प्रशासक प्रणव कुमार ने किया। प्राचार्य राकेश कुमार सिंह एवं उपप्राचार्य सूरज जयसवाल ने शिक्षक दिवस के महत्व और डॉ. राधाकृष्णन के योगदान पर प्रकाश डाला, तथा कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान नहीं देते, बल्कि संस्कार, अनुशासन और जीवन में आगे बढ़ने की सही दिशा भी प्रदान करते हैं। इधर, सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने शिव तांडव, शिक्षकों को समर्पित मैशअप गीत, नृत्य, भाषण और नाटक सहित करीब 15 से 20 आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान एवं दक्षिण भारत की लोक-संस्कृति और नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। वहीं रिया, सौम्या, कृतिका, अंगिका, संभवी, आरव, वीर, प्रभात, विशाल, संवी, आदित्य, अंकुश, अकृति, पीहू, शारदा, सुरभि, प्रिंसी, अरुशी, रोहित मानस, वारीश, अनक, श्रेया, पायल, रुचिता, माही, पलक सहित 200 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों में प्रतिभा दिखाई। मौके पर मोनू, विकाश, मोहित, हिमांशु, अनुराग, मुकुल, रोशन, कुणाल, अभिरूप, आदित्य, खुशबू, प्रज्ञा, अनीशा, ब्यूटी एवं ऋचा सहित अन्य की भूमिका सराहनीय रही.

सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने शिक्षकों के महत्व पर डाला प्रकाश

तारापुर,निज संवाददाता। तारापुर स्थित पारामाउण्ट एकेडमी में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की 138 वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। उद्घाटन में एकेडमी के संस्थापक सह निदेशक महेश कुमार सिंह,पारामाउण्ट लोक कल्याण समिति के अध्यक्ष आलोक झा,विद्यालय प्रबंधक कुमारी अनुराधा,प्रबंध निदेशक श्वेता मंजरी, वरिष्ठ सदस्य परिमल किशोर झा,पूर्व अध्यक्ष एन.के. सिंह, पूर्व प्रबंध निदेशक बेदानंद झा, प्राचार्य उमेश पाठक,एकेडमिक डायरेक्टर पुरूषोत्तम सिंह,वाइस प्रिसिंपल सुरजीत पांडा मौजूद रहे। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। निदेशक श्री सिंह ने कहा कि शिक्षक का जीवन में विशेष महत्व है। शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं,बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाला सच्चा मार्ग-दर्शक होते हैं। अध्यक्ष आलोक झा ने कहा कि एक शिक्षक का कर्तव्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना भी है। परिमल किशोर झा ने कहा कि भारतीय संस्कृति और दर्शन के प्रचार-प्रसार में डा. राधाकृष्णन का योगदान अविस्मरणीय है। विद्यालय प्रबंधक कुमारी अनुराधा ने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव से ऐसे नागरिकों का निर्माण करते हैं, जो देश और समाज के विकास में सकारात्मक योगदान देते हैं। प्रबंध निदेशक श्वेता मंजरी ने कहा कि शिक्षक दिवस पर ही नहीं,बल्कि शिक्षक सदैव सम्मान के पात्र हैं। उनके ज्ञान,समर्पण और मार्गदर्शन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक विद्यार्थी और समाज का दायित्व है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦शिक्षक दिवस कब मनाया गया?−
शिक्षक दिवस शनिवार को मनाया गया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsमुंगेरMunger News: जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस