
मुंगेर के मो. तौहीद अहमद बने बिहार इलेवन फुटबॉल टीम के कप्तान,
मुंगेर के मो. तौहीद अहमद को बिहार इलेवन फुटबॉल टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। यह उनका चौथा चयन है और वे संतोष ट्रॉफी में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। टीम 19 दिसंबर से झारखंड के खिलाफ खेलना शुरू करेगी। जिले में खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है और तौहीद को बधाई दी जा रही है।
मुंगेर, एक संवाददाता। बिहार इलेवन फुटबॉल टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मुंगेर निवासी मो. तौहीद अहमद को सौंपे जाने से जिले के खेल प्रेमियों, विशेषकर फुटबॉल प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। खेल उद्घोषक महमूद आलम ने बताया कि, मुबारकचक, मुंगेर निवासी मो. जफर अहमद के पुत्र मो. तौहीद अहमद को उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर टीम का कप्तान बनाया गया है। उन्होंने बताया कि, मो. तौहीद अहमद का यह चौथा चयन है और वे लगातार चौथी बार संतोष ट्रॉफी में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस वर्ष 79वीं संतोष ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड की राजधानी रांची स्थित ऐतिहासिक बिरसा मुंडा स्टेडियम में किया जा रहा है।

इससे पूर्व वे केरल, असम और कोलकाता में आयोजित संतोष ट्रॉफी टूर्नामेंट में भी खेल चुके हैं। उन्होंने कहा कि, टीम चयन की प्रक्रिया के तहत 29 एवं 30 नवंबर को नवादा में ट्रायल आयोजित किया गया था, जिसमें से 40 खिलाड़ियों का चयन प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया। इसके बाद 6 दिसंबर से 16 दिसंबर तक चले विशेष प्रशिक्षण शिविर में मो. तौहीद अहमद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके बाद उन्हें बिहार इलेवन टीम की कप्तानी सौंपी गई। इसके उपरांत टीम रांची के लिए रवाना हो गई। इसके अलावा श्री आलम ने बताया कि, बिहार इलेवन फुटबॉल टीम का पहला मुकाबला 19 दिसंबर को झारखंड के साथ, दूसरा मुकाबला 21 दिसंबर को रेलवे टीम के साथ तथा अंतिम लीग मैच 23 दिसंबर को दिल्ली के साथ खेला जाएगा। मो. तौहीद अहमद के कप्तान बनने पर जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर छाई हुई है और लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है। फुटबॉल प्रेमी मो. जैनुल आबेदीन, रजी अहमद, मो. हैदर, मो. परवेज चांद, अधिवक्ता मो. जहांगीर, अशोक कुमार शर्मा, अरुण कुमार अरुण, अनिल यादव, संजय कुमार सिंह, सुदीप कुमार गुप्ता सहित अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से उन्हें बधाई देते हुए बिहार टीम का नाम रोशन करने और मुंगेर का गौरव बढ़ाने की शुभकामनाएं दी हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




