लापरवाही पर गिरी गाज: टीबी मरीजों का डाटा अपलोड नहीं करने पर डीपीएम सख्त,

Newswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

मुंगेर जिले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ लापरवाही के लिए सख्त कार्रवाई की गई है। टीबी मरीजों के डाटा प्रबंधन में अनियमितता के कारण कई कर्मियों का वेतन रोका गया है। गार्डासिल वैक्सीनेशन और गर्मी से निपटने के लिए तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

लापरवाही पर गिरी गाज: टीबी मरीजों का डाटा अपलोड नहीं करने पर डीपीएम सख्त,

​मुंगेर, निज संवाददाता। जिले में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया गया है। सिविल सर्जन डॉ. राजू के निर्देश पर जिला स्वास्थ्य समिति के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीएम) फैजान आलम अशरफी ने सोमवार को ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। इस दौरान टीबी मरीजों के डाटा प्रबंधन में बरती गई भारी अनियमितता को देखते हुए असरगंज प्रखंड के स्वास्थ्य प्रबंधक और एसटीएस सहित जिला यक्ष्मा विभाग के कई कर्मियों के 7 दिनों के वेतन पर रोक लगा दी गई है।​निक्षय पोर्टल पर डाटा नहीं होने से नाराज हुए डीपीएमः​समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में जितने भी चेस्ट टीबी मरीजों का एक्स-रे जांच के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया था, उनका डाटा निक्षय पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है।

विशेष रूप से असरगंज प्रखंड की प्रगति काफी निराशाजनक रही। डीपीएम ने इसे कार्य के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए असरगंज के प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मो. असफाक और एसटीएस निशा कुमारी सहित जिला यक्ष्मा विभाग के अधिकांश कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने तक इन सभी का वेतन स्थगित रहेगा।​गार्डासिल वैक्सीनेशन और हीट वेव की तैयारी पर जोरः​बैठक में केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि आगामी स्वास्थ्य चुनौतियों पर भी रणनीति बनाई गई। ​गार्डासिल वैक्सीनेशन के लिए 14 से 15 आयु वर्ग की किशोरियों को चिह्नित कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है। लू (हीट वेव) से निपटने के लिए अस्पतालों में समर्पित वार्ड, बेड और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही विशेष टीम तैनात करने का आदेश दिया गया।​दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देशः​डीपीएम ने स्पष्ट किया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की सूची के अनुसार स्टॉक होना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों को बाहर से दवा न खरीदनी पड़े, इसके लिए सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी दवाओं के भंडारण की निरंतर निगरानी करें। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों के स्वास्थ्य पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी शामिल हुए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।