7 व 15 सूत्री मांगों पर मुंविवि में कलमबंद हड़ताल
मुंगेर विश्वविद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने अपनी 7 सूत्री विश्वविद्यालय स्तरीय और 15 सूत्री राज्य स्तरीय मांगों के समर्थन में सामूहिक कलमबंद हड़ताल की। इस हड़ताल के दौरान, कर्मचारी धरने पर बैठे और आगे की कार्रवाई के लिए 20 मई को विश्वविद्यालय मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन की योजना बनाई।

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय एवं इसके अधीन कॉलेजों में शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने अपनी 7 सूत्री विश्वविद्यालय स्तरीय और 15 सूत्री राज्य स्तरीय मांगों के समर्थन में सामूहिक कलमबंद हड़ताल की। बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर आयोजित इस हड़ताल के दौरान विश्वविद्यालय और 18 अंगीभूत कॉलेजों के कर्मचारी अपने-अपने संस्थानों में धरने पर बैठे रहे। मुंगेर प्रक्षेत्र के अध्यक्ष गुंजेश कुमार सिंह और प्रक्षेत्रीय मंत्री रविंद्र कुमार ने बताया कि महासंघ के निर्देशानुसार 6 और 7 मई को कर्मचारी सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। इसके साथ ही 20 मई को सामूहिक अवकाश लेकर विश्वविद्यालय मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
कर्मचारियों की मांगें
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि उनकी विश्वविद्यालय स्तर की प्रमुख मांगों में अनुकंपा पर नियुक्त कर्मियों को शीघ्र वेतन भुगतान, संविदा कर्मियों के मानदेय में वृद्धि, एसीपी-एमएसीपी की अधिसूचना जारी कर वेतन निर्धारण, सातवें वेतनमान की अंतर राशि का भुगतान, सेवानिवृत्त कर्मियों को पूर्ण पेंशन व अन्य देयकों का भुगतान, आउटसोर्सिंग के बजाय नियमित पदस्थापन तथा स्थानांतरण और निलंबन की वापसी शामिल हैं। इसके अलावा राज्य स्तर की 15 सूत्री मांगें भी लंबित हैं। महासंघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गुरुवार को भी सभी शिक्षकेत्तर कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में कलमबंद हड़ताल जारी रखेंगे। लगातार दो दिनों की हड़ताल से विश्वविद्यालय और कॉलेजों के प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की संभावना है, वहीं मांगों के समाधान को लेकर कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने के संकेत दिए हैं.
हरि सिंह महाविद्यालय की स्थिति
हवेली खड़गपुर से एक संवाददाता, बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर हरि सिंह महाविद्यालय के शिक्षकेतर कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों के समर्थन में दो दिवसीय कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल के कारण महाविद्यालय के कार्यालय कार्य प्रभावित रहे। कर्मचारियों ने बताया कि महासंघ द्वारा विश्वविद्यालय स्तर पर लंबित मांगों के समाधान को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। कर्मचारियों ने सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपील की। महासंघ की ओर से जारी हड़ताल में नव नियुक्त अनुकंपा कर्मियों को अतिशीघ्र वेतन भुगतान, संविदा कर्मियों के मानदेय में वृद्धि तथा विभिन्न महाविद्यालयों के कर्मियों के वेतन निर्धारण की मांग उठाई है। कर्मचारियों ने कहा कि मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।हड़ताल में नर्मदा देवी, राजा सिंह, आकाश दीप, हरि राज पंडित, सतीश चन्द्र एवं नागेश्वर कुमार राम सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे.
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


